नागरिक अस्पताल में बच्ची की मौत मामले में केस दर्ज, विसरा जांच के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी।
सिटी सिविल अस्पताल में मंगलवार को डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत मामले में बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए भेजा गया है। विसरा रिपोर्ट आने पर खुलासा होगा कि मौत किन कारणों के चलते हुई थी। साथ ही इस मामले में जांच भी शुरू हो गई कि बच्ची के इलाज में लापरवाही अगर हुई है तो किस स्तर पर हुई है। मंगलवार देर शाम बच्ची आरजू के परिजनों ने नग्गल थाने में लापरवाही की शिकायत की, पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बता दें कि गांव अद्योमाजरा निवासी बच्ची आरजू निमोनिया से पीड़ित थी। वह सिटी सिविल अस्पताल के बाल विभाग के कमरा नंबर 10 में दाखिल थी। उसके पिता मनसेर सिंह और माता सपना का कहना है कि दोपहर करीब दो बजे बच्ची ठीक लग रही थी और मोबाइल से खेल रही थी। मगर इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी और डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। मगर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए थे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। परिजनों ने अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए थे।
बच्ची के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। विसरा को जांच के लिए भेजा गया है। उसकी रिपोर्ट आने पर ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
-शेर सिंह, एएसआई, जांच अधिकारी नग्गल थाना