पूजा पर बैठे थे रिटायर्ड बीएसएनएल अधिकारी, वारदात कर गए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
महेशनगर में चोर गिरोह पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। पॉश इलाके रानीबाग कॉलोनी में चोरों ने शुक्रवार तड़के बीएसएनएल से रिटायर्ड एसडीओ के घर वारदात को अंजाम दिया। परिवार की मौजूदगी में चोर बेखौफ घर के अंदर दाखिल हुए। दिलचस्प बात है कि रात ढाई बजे से तड़के पांच बजे तक रिटायर्ड एसडीओ साधना में बैठे थे। चोरों ने हजारों मूल्य के सामान पर तो हाथ साफ किया, जाते-जाते एक्टिवा भी ले गए। वारदात का पता चलते ही परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में आस-पड़ोस में मामले की जानकारी दी गई जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया है। महेशनगर थाना पुलिस के साथ सीआईए-टू ने घर का चप्पा-चप्पा छान मारा। मगर अभी तक चोरों के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। पुलिस आसपास घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। उधर महेशनगर में बीते दस दिनों में यह चौथी वारदात है जिससे क्षेत्रवासियों में अब पुलिस के ढीले रवैये के खिलाफ रोष पनपता जा रहा है।
रिटायर्ड एसडीओ के घर चोरी
शुक्रवार तड़के रानी बाग के सी-ब्लॉक के मकान नंबर छह में रहने वाले बीएसएनएल से रिटायर्ड एसडीओ राज कुमार खुराना के घर चोरों ने सेंध लगाई। घर में राज कुमार खुराना और उनकी पत्नी शशि थे। राज कुमार पूजा कर रहे थे तो शशि खुराना सो रही थीं। राज कुमार खुराना ने बताया कि वह रात को लगभग ढाई बजे जाग गए थे और कुछ देर बाद पूजा पर बैठ गए थे। सुबह तकरीबन पांच बजे जब साधना से उठे तो घर में सामान बिखरा हुआ था। चोर घर से एक्टिवा समेत लगभग 15 हजार नकदी, मोबाइल व अन्य सामान ले गए। चोर मेन गेट का ताला भी घर की ही चाबी से खोलकर बाहर निकले गए। सुबह मौके पर पुलिस ने जांच की तो पाया कि चोर घर में खिड़की की ग्रिल काटकर दाखिल हुए। चोरों ने जाते समय घर के अंदर ही पड़ी घर की चाबी उठाई और बाद गेट का लॉक खोलकर एक्टिवा ले उड़े।
रानी बाग में घटना को लेकर लोगों में रोष
घटना की जानकारी जैसे-जैसे रानी बाग में फैली तो लोगों ने इसका विरोध जताया। रानी बाग नागरिक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान परमजीत सिंह खुब्बड ने बताया कि महेश नगर इलाके में चोरियों की वारदातें काफी बढ़ गई हैं जिस वजह से लोग काफी डरे हैं। उनका कहना था कि यदि परिवार सदस्यों पर रात्रि हमला हो जाता तो इसका जिम्मेदार कौन होता। उन्होंने कहा कि पुलिस को इलाके में खासकर रात्रि के समय गश्त बढ़ाने की जरूरत है ताकि वारदातों पर लगाम लगाई जा सके। लगातार हो रही वारदातों से लोग खौफजद हैं।
दस दिनों में चोरी की चौथी वारदात :
महेश नगर इलाके में पिछले दस दिनों में चोरी की यह चौथी वारदात है। पहले आर्य नगर में एक प्लेवे स्कूल में चोरी हुई जिसके बाद दयाल बाग में रेलवे कर्मचारी के घर चोर ने लाखों के माल पर हाथ साफ कर दिया था। इसके ठीक अगले दिन पंजाब स्पोर्ट्स के मालिक मनीष ख्ुाराना के राजा पार्क निवास पर चोरों ने सेंध लगा दी थी और घर के बाहर खड़ी उनकी क्रेटा कार भी ले उड़े थे। इससे पहले 27 जनवरी को भी महेशनगर थाने से कुछ ही दूरी पर स्थित गली में खड़ी कारों को भी बदमाशों ने आग के हवाले कर दिया था। अब राज कुमार खुराना के घर चोर पड़ोस के घर से खिड़की की ग्रिल काटकर दाखिल हुए हैं।
अकसर सक्रिय होता है इलाके में गिरोह
महेशनगर क्षेत्र में चोर गिरोह अकसर सक्रिय रहता है जिससे पूर्व में कई बड़ी वारदातें तक हो चुकी हैं।
- करीब डेढ़ वर्ष पहले ही निकल्सन रोड मार्केट एसोसिएशन के प्रधान एवं भगवती मंदिर के निकट रहने वाले अशोक कुमार के सिर पर रॉड मारकर चोरों ने घर में चोरी की थी।
- अजीत नगर व राजा पार्क में कुछ वर्ष पहले घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में आग लगाकर लोगों का ध्यान भटकाकर घरों में चोरियां की थीं।
सीसीटीवी फुटेज छान रही पुलिस
- घटना को ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी फुटैज चैक किए जा रहे हैं। पूर्व में हुई दो वारदातों को ट्रेस किया गया है। इस वारदात को भी जल्द ट्रेस कर लिया जाएगा। पुलिस अपनी ओर से हर संभव प्रयास कर रही है। रात्रि के समय इलाके में गश्त बढ़ाई गई है साथ ही लोगों को भी सतर्क रहने की जरुरत है।
अजैब सिंह, एसएचओ, महेशनगर थाना।
गश्त बढ़ाने के लिए एसपी से करेंगे मुलाकात
- इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने को लेकर एसपी से जल्द मुलाकात की जाएगी। इलाके में बीते कुछ दिनों से वारदातें बढ़ी है जोकि चिंता का विषय है। पुलिस को खासकर रात्रि के समय गश्त बढ़ाने की जरुरत है। जल्द लोगों का प्रतिनिधिमंडल इस मसले पर एसपी से मुलाकात करेगा।
परविंद्र सिंह परी, वार्ड पार्षद।