एटीएम कार्ड ने पकड़वाए चोर
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़।
मुख्य बाजार में रविवार रात चोरों ने लाखों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस दौरान चोरों ने काउंटर में रखे एटीएम कार्ड भी उठा लिए। संयोग से चोरों को एटीएम कार्ड के एन्वलप में पासवर्ड भी मिल गया। बस फिर क्या और पैसे की ललक ने चोरों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। चोर कार्ड के जरिये एटीएम बूथ में पैसे निकालते वक्त यह भूल गए कि यह गलती भारी पड़ने वाली है। एक के बाद ट्रांजेक्शन करते रहे उधर एटीएम कार्ड धारक के पास मैसेज आते रहे। जिसकी डिटेल उन्होंने पुलिस को दे दी। पुलिस ने एटीएम बूथ की जानकारी खंगालते हुए दो को गिरफ्तार कर लिया, जबकि शेष की तलाश जारी है।
सेंटर संचालक पीड़ित महेंद्र चावला ने बताया कि रविवार रात चोरी की सूचना मिली तो वे दुकान पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शोरूम के शटर का ताला टूटा हुआ है। चोरों ने लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया, जबकि काउंटर पर रखे एटीएम कार्ड भी चुरा लिए। एटीएम पैक में ही इसका कोड भी था। बताया जाता है कि करीब छह चोर दुकान में घुसे और तसल्ली से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को भी दी। उन्होंने इसी बीच उनके मोबाइल पर बैंक खाते से रुपये निकलने के मैसेज आने शुरू हो गए। देखते ही देखते उनके खाते से 71,500 रुपये की राशि निकलवा ली गई।
उधर, पुलिस ने इस संबंध में पीड़ित द्वारा दी शिकायत के बाद कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने क्षेत्र के सभी एटीएम को खंगालना शुरू किया और इसी दौरान एक एटीएम पर दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस ने इन दोनों को काबू किया और पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ में इन आरोपियों ने चोरी की वारदात को कबूल कर लिया। काबू किए गए चोरों की पहचान वार्ड नौ वासी देवेंद्र उर्फ नोनी तथा वार्ड 5 वासी शुभम के रूप में हुई है। दुकान मालिक का कहना है कि उनकी दुकान से पंद्रह लाख रुपये के मोबाइल, लैपटॉप व अन्य दस्तावेज चोरी हुए हैं।
थाना प्रभारी नारायणगढ़ कमलजीत सिंह का कहना है कि मोबाइल की दुकान में चोरी करने के आरोप में पुलिस ने नारायणगढ़ वासी देवेंद्र और शुभम को गिरफ्तार किया है और उनसे चोरी किए गए सामान की बरामदगी भी की जा रही है। इनके अन्य साथियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।