महंगे प्याज, टमाटर ने बिगाड़ा जायका और बजट
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
प्याज और टमाटरों के दाम में अचानक हुई बढ़ोतरी के कारण गृहणियों की रसोई का बजट बिगड़ रहा है। इन दिनों प्याज और टमाटर 50 से 60 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहे हैं, जबकि माना जा रहा है यह अभी और बढ़ सकता है। ऐसे में गृहणियों की चिंता बढ़ रही है, क्योंकि यह दोनों ही रसोई के नियमित रूप से इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थ हैं।
टमाटर और प्याज की बढ़ती कीमतों ने लोगों की जेब ओर ढीली कर दी है। जहां टमाटर 50 से 60 के बीच में बिक रहे है वहीं प्याज भी इसकी कीमत से पीछे नहीं है। ऐसे ही अन्य सब्जियां भी मार्केट में महंगी हो रही है। गृहणियों का कहना है कि यह पूरा महीना शादियों का है और शादी के सीजन में तो खर्चा वैसे भी बढ़ ही जाता है। टमाटर और प्याज की बढ़ती कीमत भी रसोई का बजट बिगाड़ रही है। उनका कहना है कि अगर ऐसे ही खाद्य उत्पादों की कीमत में बढ़ोतरी होती रही तो वह घर का खर्च कैसे चलाएंगी। घर के अन्य खर्चे भी हैं, अगर ऐसे ही उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी होती रही तो मध्यवर्गीय परिवार की घर का खर्च किस प्रकार चलाएगा।
शादी क सीजन के कारण बढ़ रहे दाम
दुकानदार राहुल ने बताया कि शादी के सीजन के कारण इन दिनों सब्जियों और दालों की खपत ज्यादा होती है। पैदावार उतनी ही रहती है। यहीं कारण है इन दिनों सब्जियों के साथ साथ टमाटर व प्याज के दामों में भी लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। यह बढ़ोतरी शादियों के सीजन तक तो रह ही सकती है। उन्होंने बताया कि कई लोग तो प्याज की कीमत के ओर बढ़ने के डर से प्याज की बोरी भी खरीद रहे हैं। परंतु टमाटर का स्टॉक नही रखा जा सकता। जिस कारण टमाटर की लोग कम खरीदारी कर रहे हैं।
पिछले कुछ दिनों में बढ़े प्याज व टमाटर के दाम ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। जिस कारण केवल दाल और सब्जी में तड़का डालने के लिए उपयोग में ला रही हूं। अगर ऐसे ही टमाटर व प्याज के दामों में बढ़ोतरी होती रही तो कहीं दाल और सब्जी में भी इनका प्रयोग बंद न करना पड़ जाए। - पुष्पा चौहान, गृहणी अंबाला सिटी
एक तो शादियों का सीजन चल रहा है ऊपर से टमाटर, प्याज और अन्य सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखते हुए डर सा लगता है कि अगर ऐसे ही सब्जियों की कीमत में बढ़ोतरी होती रही तो घर का खर्च कैसे चलेगा।
- मनजीत कौर, गृहणी अंबाला सिटी
मार्केट में दो सब्जियां खरीदते ही सैकड़ों रुपये कहां चले जाते हैं पता ही नहीं चलता। पहले तो केवल सब्जियों के दामों में ही बढ़ोतरी हुई थी जिस कारण सब्जी के स्थान पर दाल खा लेते थे परंतु टमाटर व प्याज की बढ़ती कीमतों ने तो दालों का भी स्वाद बिगाड़ दिया है।
- नीलम वर्मा, गृहणी, अंबाला सिटी