फोटो नंबर :: 39
- सिख समुदाय ने दी पुलिस को शिकायत, कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट/बराड़ा।
फेसबुक और यूट्यूब पर एक युवती द्वारा सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह तथा सिख धर्म के बारे में अपशब्द वाले वीडियो व टिप्पणी करने के विरोध में प्रदेश की सिख संगत लामबंद होनी शुरू हो गई है। सिखों ने साहा व महेशनगर थाने में शिकायत दी। इसी तरह डीएसपी बराड़ा कार्यालय में भी डीएसपी अनिल कुमार को शिकायत दी है।
जसबीर सिंह खालसा व प्रीतपाल सिंह ने कहा कि युवती ने जो फेसबुक व यूट्यूब पर सिख धर्म व गुरु गोबिंद सिंह के खिलाफ अपशब्द की वीडियो अपलोड की है, उससे सिख समुदाय को गहरा अज्ञात पहुंचा है। उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्वों द्वारा समय-समय पर सिख धर्म के खिलाफ कोई न कोई अपशब्द या फिर गलत टिप्पणी कर सिखों की भावनाओं से खिलवाड़ किया जाता रहा है, मगर सरकार इन शरारती तत्वों पर रोक लगाने में लगातार असफल साबित हो रही है। इससे सिख समुदाय अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर जम्मू से पुलिस दिल्ली उक्त लड़की का पता लगाने के लिए आई, लेकिन पुलिस को सहयोग न मिलने से खाली हाथ लौटना पड़ा। इतना ही नहीं हरियाणा, जम्मू, दिल्ली व पंजाब में पिछले कई दिनो से इसके विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे है, परंतु सरकार सुन नहीं रही। राष्ट्र जागरण मंच संस्थापक अमरेंद्र सिंह रोबिन व चेयरमैन प्रवीण कुमार घेलड़ी ने सरकार से कहा कि अगर सरकार ने युवती को शीघ्र गिरफ्तार न किया तो सरकार का विरोध किया जाएगा। इस अवसर पर नरेंद्र सिंह, रणजीत सिंह, बलविंद्र सिंह, सुखविंद्र सिंह मान, गुरमीत सिंह, राष्ट्र जागरण मंच के चेयरमैन प्रवीण कुमार घेलड़ी, राजेंद्र सिंह कोकी, कैप्टन परमजीत सिंह, सुखदेव सिंह, बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।