अंबाला सिटी। मॉडल टाउन स्थित भारतीय स्टेट बैंक में चोरी की घटना सामने आई है। यहां दो शातिर महिलाओं ने रेकी करने के बाद एक सेवानिवृत्त अधिकारी की जेब से बड़ी ही सफाई के साथ 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सेक्टर-1 निवासी भलेराम नेहरा, जो पंचकूला के अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय से सहायक परियोजना अधिकारी के पद से रिटायर हैं, गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे बैंक पहुंचे थे। उन्होंने घर के खर्च के लिए अपने खाते से 50 हजार रुपये निकलवाए और कुर्ते की जेब में रख लिए। इसके बाद वे बैंक में लगी मशीन से अपनी पासबुक की एंट्री करने लगे। भलेराम नेहरा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब वे पासबुक मशीन पर व्यस्त थे, तभी दो महिलाएं उनके पास आकर खड़ी हो गईं। एक महिला ने अपने शॉल से बुजुर्ग की जेब को ढका और बड़ी चालाकी से अंदर रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए। संवाद