संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला सिटी। दवा कारोबारी ईजदा हेल्थकेयर के प्रोपराइटर वर्षल अरोड़ा से सरकारी टेंडर दिलवाने के नाम पर 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपियों ने वर्षल को उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में पशु आहार के सरकारी टेंडर दिलाने के नाम झांसा दिया था।
पड़ाव थाना पुलिस ने अंबाला सिटी के सेक्टर-1 निवासी वर्षल अरोड़ा की तहरीर पर चार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। यह प्राथमिकी हरिद्वार के एक राजनीतिक व्यक्ति आदित्य नागर, उसकी पत्नी शर्मिला नागर, पंकज मिश्रा व अरिवल कुमार पर दर्ज की गई।
बेटे से दोस्ती का उठाया फायदा :
वर्षल अरोड़ा ने बताया कि सेक्टर-10 निवासी अविरल गुर्जर उनके बेटे का दोस्त था। अविरल व उसकी मां मीनाक्षी ने वर्षल को विश्वास में लिया कि उनके मौसा आदित्य नागर हरिद्वार में एक बड़ी राजनीतिक पार्टी के जिलाध्यक्ष हैं और उनकी लखनऊ के सरकारी विभागों में पैठ है। आरोपियों ने यूपी व उत्तराखंड में करोड़ों के सरकारी ऑर्डर दिलाने का झांसा देकर पार्टनरशिप का ऑफर दिया।
मार्च से जुलाई 2025 के बीच आरोपियों ने इम्पैनलमेंट सर्टिफिकेट और ईएमडी राशि जमा कराने के नाम पर अलग-अलग किस्तों में करीब 34 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर और 11 लाख रुपये नकद वसूले। इसके अलावा, आरोपियों ने करीब 5 लाख रुपये का पशु आहार भी अयोध्या भिजवा दिया, जिसका भुगतान नहीं किया गया।