संवाद न्यूज एजेंसी,
नारायणगढ़। सांसद वरूण चौधरी बुधवार को पीडब्लयूडी रेस्ट हाउस नारायणगढ़ पहुंचे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि नारायणगढ़ को जिला बनाने तथा यहां से रेलवे लाइन निकालने पर उन्होंने पत्र लिखे, रेजुलेशन डाला गया लेकिन इन मांगों पर सरकार का जवाब ढीला रहा है। सांसद निधि में विकास कार्यों के लिए केवल 5 करोड़ रुपये आते हैं जो लोकसभा की 9 विधानसभाओं के लिए पर्याप्त नहीं हैं, इसको कम से कम 15 करोड़ रुपये किया जाना चाहिए।
उन्होंने लोकसभा में 9 करोड़ 80 लाख रुपये दिए हैं, जिसमें से 70 लाख रुपये से ज्यादा वह नारायणगढ़ विधानसभा में दे चुके हैं। अवैध खनन पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि एनजीटी के आर्डर होते है कि बरसात के समय खनन बंद रहता है, लेकिन यह सरकार जानबूझकर अवैध खनन करवाती है क्योंकि यह सभी खनन ब्लाकों की अलाॅटमेंट नहीं करते हैं जिससे वहां अवैध खनन होता है और सरकार को राजस्व का भी नुकसान होता है। यहां पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक मेहता, कांग्रेस ग्रामीण से जिलाध्यक्ष दुष्यंत चौहान आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।