शाहाबाद-बराड़ा मुख्य मार्ग पर सोमवार को दिनदहाड़े पेट्रोल पंप मैनेजर के साथ लूट हो गई। सुबह करीब 11 बजे मैनेजर विक्रम के सिर पर डंडा मारकर बाइक सवार दो युवकों ने नकदी से भरा बैग लूट लिया। इसमें 45 हजार की नकदी थी। लूट की घटना में घायल मैनेजर को सरकारी अस्पताल शाहाबाद में दाखिल करवाया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद उगाला क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी अनुसार उगाला बस स्टैंड से करीब 2 किलोमीटर की दूरी पर एसआर कंपनी का पेट्रोल पंप है। यहां विक्रम मैनेजर के तौर पर काम करता है। सोमवार सुबह विक्रम नकदी के दो बैग लेकर बैंक जा रहा था। एक बैग में 3 लाख 88 हजार 7 सौ 80 रुपये की नकदी थी तो दूसरे बैग में 45 हजार 4 सौ 80 रुपयेे की नकदी थी। विक्रम इस नकदी को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में जमा करवाने जा रहा था। अभी वह बैंक के पास पहुंचा ही था कि अचानक पीछे से बाइक पर आए दो नकाबपोश युवकों में से एक ने विक्रम के सिर पर डंडा मार दिया। विक्रम लहूलुहान होकर बाइक से नीचे गर गया। इतने में बाइक सवार बदमाश एक बैग लेकर मौके से फरार हो गए। इसमें 45 हजार 480 रुपये थे। इस घटना के बाद राहगीरों ने विक्रम को उठाया और उसे शाहाबाद मारकंडा स्थित सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद विक्रम को घर भेज दिया।
सूचना मिलते ही बराड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंच कार्रवाई शुरू करते हुए लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। पेट्रोल पंप मालिक नरेंद्र सिंह निवासी बराड़ा जनकपुरी कॉलोनी ने बताया कि उनके पेट्रोल पंप पर विक्रम मैनेजर लगा हुआ है जो सोमवार सुबह पेट्रोल पंप से नकदी लेकर बाइक पर सेंट्रल बैक उगाला जा रहा था। बैंक के नजदीक ही दो बाइक सवार युवकों ने उसके सिर पर डंडा मार कर 45 हजार 4 सौ 80 रुपये नकदी से भरा बैग लूट लिया।
जिले के पेट्रोल पंप कर्मी बदमाशों के निशाने पर
जिले में अब पेट्रोल पंप कर्मी बदमाशों के निशाने पर आ गए हैं। करीब एक सप्ताह पहले बलाना में पेट्रोल पंप कर्मी से रात के समय पांच युवकों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि बाद में पुलिस ने आरोपियों को धर दबोचा था। इससे पहले अंबाला शहर में ही जनवरी माह में पंचायत भवन के पास पेट्रोल पंप कर्मी से तड़के करीब पांच बजे लूट की गई थी। इस वारदात में शामिल आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर काबू कर लिया था। इस तरह करीब 50 दिनों के भीतर पेट्रोल पंप कर्मी से लूट की यह तीसरी घटना है।
सीसीटीवी पर टिकी जांच
घटना स्थल के नजदीक ही पुलिस ने फुटेज खंगालने की कोशिश की। जहां पर घटना हुई थी, वहां पर एक स्कूल भी है। वहीं एक-दो घरों में सीसीटीवी लगे हैं, लेकिन दोनों परिवार शादी में गए हुए थे। अब इनके आने के बाद ही फुटेज मिल सकेगी।
मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में बाइक सवार दो आरोपियों पर केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज निकलवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
- बबली, एएसआई थाना बराड़ा।