कोरोना एक बार फिर जानलेवा हो गया है। सोमवार को 79 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। दो सप्ताह के भीतर कोरोना के चलते यह दूसरी मौत है, जबकि सात छात्रों समेत 15 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिले में अभी तक 95 से ज्यादा विद्यार्थी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 12 हजार 219 हो गई है। 13 मरीज कोरोना से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं, इसके बाद ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 11 हजार 889 हो गई है। इस समय एक्टिव मरीजों की संख्या 182 हो गई है। सिविल सर्जन डॉक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि जिस व्यक्ति की सोमवार को कोरोना के कारण मौत हुई है। वह कैंट के महेशनगर का निवासी था और उन्हें शुगर और हाईपरटेंशन की समस्या थी। अब तक जिले में 148 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। सोमवार को 8 मरीज बराड़ा से, 3 मुलाना से, 3 चौड़मस्तपुर से और 1 न्यू कॉलोनी अंबाला कैंट से मिला है।