अंबाला सिटी। सद्दोपुर नाके के निकट पुलिस ने कार में हो रही शराब की अवैध तस्करी का भंडाफोड़ किया। आरोपी कार चालक को रोका तो तलाशी लेने पर शराब व बियर की खेप बरामद हुई। इसमें 45 पेटी शराब व 18 पेटी बियर थी। बलदेव नगर थाना पुलिस ने सोनीपत निवासी धरेंद्र पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रुकने की जगह पहले भागने का किया था प्रयास
पुलिस चौकी बलदेव नगर के उप-निरीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी चंडीगढ़ की तरफ से कार लेकर आया था। आरोपी को जब रुकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी रोकने की जगह भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। बरामद हुई शराब में दिलबर संतरा देसी शराब की 45 पेटी यानी कुल 2160 पव्वे व 18 पेटी बडवाइजर मैग्नम बियर यानी कुल 432 केन थे। आरोपी के पास शराब ले जाने के लिए कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं था। शुक्रवार कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया ताकि आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि आखिर शराब का जखीरा कहां से कहां ले जाया जा रहा था।