अकाली दल पहली बार लोस चुनाव में उतारेगी प्रत्याशी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। शिरोमणि अकाली दल इस बार लोकसभा चुनाव में पहली बार अपने प्रत्याशी उतारेगी। यह निर्णय अंबाला सिटी में हुई अकाली दल की बैठक में लिया गया। फिलहाल सिरसा और कुरुक्षेत्र पंजाबी समुदाय बाहुल्य वाले क्षेत्रों में उम्मीदवारों के नामों को तय किया गया है। दोनों लोकसभा क्षेत्रों से करीब एक दर्जन नाम अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को भेजे गए हैं। उनकी अंतिम मंजूरी पर ही दोनों क्षेत्रों में कौन से उम्मीदवार को उतारा जाना है इस पर निर्णय होगा।
सिटी में अकाली दल की विशेष बैठक राज्य प्रधान शरणजीत सिंह सोथा की अध्यक्षता में हुई। इसमें राज्य स्तरीय वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में विशेष तौर पर सिरसा और कुरुक्षेत्र लोकसभा सीटों पर शिरोमणि काली के उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा हुई। चर्चा में जो नाम उभरकर सामने आए उन्हें सर्वसम्मति से एक पैनल बनाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को भेज दिया गया है। प्रधान सोथा ने बताया कि चयनित प्रत्याशियों के नाम की घोषणा जल्द सुखबीर सिंह बादल करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार चुनावों में अकाली दल पूरा जोर लगाएगी और इसी वजह से चुनाव में प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया गया है। दोनों क्षेत्रों के उम्मीदवार तय होने के बाद अन्य लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवारों पर चर्चा होगी। बैठक में संत सिंह कंधारी, सुखेदव सिंह गोबिंदगढ़, इंजीनियर बलबीर सिंह, सुखबीर मांडी, हरकेश सिंह मोहड़ी, प्रीतपाल सिंह जाभर, कंवलजीत सिंह अजरना, जितेंद्र पाल सिंह लक्की, बलजिंद्र सिंह, जनरैल सिंह बड़ौला, सतिंद्र पाल सिंह बंटी आदि मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि शेष अन्य आठ सीटों के लिए आए आवेदनों पर भी विचार किया जा रहा है तथा जल्द ही इन सीटों पर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।