नारायणगढ़ शुगर मिल में बाहरी क्षेत्र के गन्ने की आवक, भड़के किसान
अमर उजाला ब्यूरो
शहजादपुर। नारायणगढ़ शुगर मिल (बनौंदी) में बाहरी क्षेत्र के गन्ने की आवक की सूचना मिलते ही क्षेत्र के किसान इकट्ठा हो गए और बाहरी क्षेत्रों से शुगर मिल में आ रही गन्ने की ट्रालियों को रोक दिया। इस दौरान स्थानीय किसानों ने शुगर मिल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। किसान संघर्ष समिति के प्रधान विनोद राणा खुड्डा व भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान मलकीत सिंह शाहपुरा का कहना था कि नारायणगढ़ क्षेत्र के किसानों का गन्ना अभी खेतों में ही खड़ा है और शुगर मिल ने बाहरी क्षेत्र के किसानों से गन्ना मंगवाना शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि गन्ने की फसल के खेतों में खड़ा होने के कारण वे खेतों में अन्य फसलों की बिजाई नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय किसानों ने पानीपत से गन्ना लेकर आए किसानों की ट्रालियों को शुगर मिल में खाली नहीं करने दिया। किसानों का कहना था कि अगर शुगर मिल को बाहरी क्षेत्रों का गन्ना मंगवाना है तो वह सभी किसानों को बुलाकर बात करे कि शुगर मिल को कितना गन्ना चाहिए ताकि स्थानीय किसान शुगर मिल की मांग के अनुसार गन्ना शुगर मिल में डालें। किसानों का कहना था कि शुगर मिल द्वारा गत वर्ष भी बाहरी क्षेत्र का गन्ना मंगवाया गया था लेकिन उस समय स्थानीय किसानों की सहमति ली गई थी।
किसान नेताओं का कहना था कि वे एडीएम नारायणगढ़ से इस मामले में मिल चुके हैं तब एसडीएम ने आश्वासन दिया था कि बाहरी क्षेत्र का गन्ना शुगर मिल में नहीं आने दिया जायेगा, लेकिन शुगर मिल प्रबंधन अपनी मनमानी कर रहा है जिसे स्थानीय किसान बर्दास्त नहीं करेंगे और बारी क्षेत्र के गन्ने की ट्रालियों को शुगर मिल में नहीं घुसने देंगे।