अंबाला कैंट। रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में भाग लेने के लिए पटियाला से बाइक पर सवार होकर जा रहे दो युवकों को तेज रफ्तार से आई गाड़ी ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि जिस युवक की मौत हुयी है एक माह बाद उसकी शादी होनी थी। घटना की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली तो घर में कोहराम मच गया।
सड़क हादसे में घायल हुए वालीहस ने बताया कि यूपी के मुरादाबाद निवासी दीपक उसके साथ पटियाला में कबाड़ी का काम करता है। मुरादाबाद में अपने रिश्तेदार की शादी में भाग लेने के लिए पटियाला से मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार से आ रही गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें दीपक की मौत हो गई और वह घायल हो गया। 25 वर्षीय युवक दीपक भी कबाड़ी का काम करता था और लगभग एक माह बाद उसकी शादी होनी थी। युवक की मौत की सूचना जब उसके परिजनों को मिली तो क्षेत्र में मातम का माहौल छा गया।