अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। परीक्षाओं के दौरान बच्चों को तनाव और थकान से बचाने के लिए पौष्टिक व संतुलित आहार देना अभिभावकों के लिए चुनौती से कम नहीं है। इसी के मद्देनजर डीएवी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में विद्यालय की इंट्रैक्ट-क्लब के तत्वावधान में संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों ने भागीदारी की।
इंट्रैक्ट प्रधान साक्षी नागपाल ने बताया कि परीक्षा के दिनों में विद्यार्थियों में दिमागी थकान, तनाव, सिरदर्द, स्वभाव में चिड़चिड़ापन और मांसपेशियों में दर्द के लक्षण दिखाई देने लगते हैं, क्योंकि विद्यार्थियों में अधिक अंक लेने की होड़ व अभिभावकों के दबाव के कारण, विद्यार्थी बिना आराम किए लंबे समय तक पढ़ाई करने, कम भोजन खाने, नींद पूरी न लेने व पर्याप्त मनोरंजन न करने के शिकार हो जाते हैं, जिससे विद्यार्थियों की परीक्षाएं प्रभावित हो जाती है।
प्रिंसिपल रमेश बंसल ने कहा कि परीक्षाओं के दौरान अभिभावक अपने बच्चों को संतुलित और पौष्टिक आहार में पर्याप्त मात्रा में फल, सूखे मेवे, दही, ओटमील, फलों का ताजा रस, अंकुरित अनाज, लस्सी, नारियल पानी, सलाद, नींबू रस व हरी सब्जियां उपलब्ध कराएं, ताकि बच्चों में शारीरिक व मानसिक ऊर्जा का स्तर बना रहे। बच्चेे भोजन को चबा-चबाकर खाने के साथ अल्प अंतरालों के ग्रहण करें। उपप्रधानाचार्य आरके भारद्वाज ने अभिभावकों का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यदि बच्चे एग्जाम फोबिया को दरकिनार कर परीक्षा देंगे तो इसके परिणाम सकारात्मक होंगे।