खाकी राशन कार्डधारक उठाएं अनुदान कनेक्शन योजना का लाभ : डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। डीसी शरणदीप कौर बराड़ ने बताया कि राज्य सरकार ने अब ऐसे खाकी राशन कार्डधारक परिवारों को भी अनुदान पर रसोई गैस कनेक्शन देने का निर्णय लिया है, जिनके पास अभी तक यह कनेक्शन नहीं है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत ऐसे परिवारों को गैस कनेक्शन के लिए गैस सिलेंडर व रेगुलेटर की जमानत राशि के तौर पर 1600 रुपये राज्य सरकार जमा करवाएगी। आवेदक को हॉज पाइप, ब्लू बुक, इंस्टॉलेशन इत्यादि के लिए 663 रुपये वहन करने होंगे। इसके अलावा गैस भराई व चूल्हे की कीमत भी उपभोक्ता को ही वहन करनी होगी।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक निशांत राठी ने बताया कि जिले में कुल 73421 अन्य प्राथमिकता श्रेणी के खाकी राशन कार्ड धारक हैं। इनमें से अधिकतर के पास पहले से रसोई गैस कनेक्शन हैं। ऐसी श्रेणी के परिवारों में यदि अभी तक किसी के पास गैस कनेक्शन नहीं है तो वे खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। यह योजना 26 जनवरी, 2019 तक ही प्रभावी है।