फोटो नंबर... 39, 40, 41
हांडी फोड़ रस्म से हुई दयाल बाग के राजा की विदाई
- उड़ाया गुलाल, यमुनानगर में विधि विधान से हुआ गणपति विसर्जन
- विदाई यात्रा में श्रद्धालुओं गणपति भजनों पर जमकर झूमे, लगाए जयकारे
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। जिलेभर में मंगलवार विभिन्न पंडालों व घरों में विराजे गणपति बप्पा के पवित्र स्वरूप को श्रद्धालुओं ने उल्लास के साथ विदाई दी। गणपति बप्पा के भजनों पर श्रद्धालु नाचते-गाते, अबीर-गुलाल उड़ाते केवल एक ही गूंज गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आना’ के जयकारे लगाते हुए दिखाई दे रहे थे। उधर, विभिन्न पंडालों व घरों से श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ टांगरी नदी, जनसुई हेड, यमुनानगर व अन्य नदियों में गणपति बप्पा का विसर्जन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
जयकारों के बीच हुई दयाल बाग के राजा की विदाई
अंबाला कैंट। दयाल बाग के राजा (गणपति बप्पा) की विदाई के समय पूरे इलाका गणपति बप्पा मोरिया, मंगल मूर्ति मोरिया...’ के उल्लास में डूबा नजर आया। दयाल बाग में शिव गणेश मित्र मंडल के पंडाल से आयोजकों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजा अर्चना कर दयाल बाग के राजा को पालकीनुमा वाहन में सजाया। जहां से बैंड-बाजों व ढोल- ताशों की धुनों से शोभायात्रा निकाली गई।
उधर, शोभा के दौरान निभाई गई हांडी फोड़ रस्म पूरे इलाकावासियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इस रस्म से पहले शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं गणपति बप्पा के भजनों पर जमकर झूमे और एक-दूसरे के साथ गणपति बप्पा के नाम की होली खेलकर लुत्फ उठाया। जहां हांड़ी फोड़ने से पहले युवाओं की टोलियों द्वारा आग से हैरतअंगेज करतब कर श्रद्धालुओं को अचंभित कर दिया, वहीं एक के बाद एक युवाओं ने कई आकर्षक नृत्य पेश कर समा बांध दिया। चारों ओर गूंज रहे गणपति बप्पा मोरिया के जयकारों के बीच युवाओं की टोली ने एक-दूसरे के ऊपर चढ़कर मशक्कत के बाद हांड़ी तक पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद हांड़ी को फोड़ रस्म को पूरा किया। रस्म के दौरान मौजूदा सैकड़ों की संख्या में आसपास के इलाकों के श्रद्धालुओं ने जमा होकर युवाओं की टोली का उत्साह बढ़ाया।
दूसरी ओर, रस्म के बाद दयाल के राजा की शोभा यात्रा बाजारों से होकर गुजरी। जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया और बाजारों का पूरा माहौल भक्तिमय हो उठा। नाचते-गाते हुए शोभायात्रा महेश नगर चौक पर पहुंची जहां से दयाल बाग के राजा को विदाई देने के बाद विसर्जन के लिए यमुनानगर रवाना हो गई। यमुनानगर में भी श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ पूजा अर्चना कर दयाल बाग के राजा के पवित्र स्वरूप को पानी के अंदर विसर्जित कर दिया और अगले बरस तू जल्दी आना की प्रार्थना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर हेमंत अरोड़ा, अमन आनंद, अक्षय गुजराल, तरूण कनौजिया, बॉबी, सन्नी, पिंकू व अन्य सदस्य मौजूद रहे।
गणेश महोत्सव का हुआ विधिवत समापन
अंबाला सिटी। बलदेव नगर में 25 अगस्त से चल रहे श्री गणेश महोत्सव का मंगलवार विधिवत समापन हो गया। इस अवसर पर गणेश पूजन, दोपहर के समय आरती तथा शाम के समय विधिवत भजन संध्या के कार्यक्रम आयोजित किए गए। मातृभूमि वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारी जगदीश लाल शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता है जिसमें शहर से काफी संख्या में भक्त शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करते थे। इस अवसर पर पंडित पराशर, सुशील, रवि, रिक्की, बब्बू, अशोक, राजेन्द्र कौशिक, देवी लाल, गोबिन्द व अन्य मौजूद रहे।