अंबाला कैंट। स्वास्थ्य, खेल एवं युवा कार्यक्रम मंत्री अनिल विज ने बुधवार पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जनता दरबार में 209 लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिये।
सोनीपत के खानपुर कलां कालेज में रिकार्ड क्लर्क की भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर तीन उम्मीदवारों ने स्वास्थ्य मंत्री के सामने अपनी शिकायत रखी। शिकायत कर्ताओं का आरोप था कि लिखित पेपर में उनके अच्छे नंबर होने के बावजूद में रिकार्ड में छेड़छाड़ करके उन्हें इंटरव्यू सूची से बाहर कर दिया गया है। दलित एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने पीजीआई रोहतक में भ्रष्टाचार के मामलों की जांच की शिकायत रखी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केसरी में तैनात एएनएम के पति ने स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक की ओर से उनकी पत्नी से फार्मासिस्ट की ड्यूटी लेने की शिकायत दी और कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट होने के बाद वे एएनएम से यह ड्यूटी करवाते हैं। सभी मामलों में मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए हैं।
राशन डिपो से राशन न मिलने का मामला दरबार में
तेली मंडी सहित सदर क्षेत्र की अन्य कालोनियों की महिलाओं ने स्वास्थ्य मंत्री को शिकायत दी कि कंप्यूटर में उनके नाम व आधार कार्ड इत्यादि फीड होने के बावजूद उन्हें राशन नहीं मिल रहा है। खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन राशन वितरण प्रणाली आरंभ होने से लाभार्थी को आधार लिंकेज करने के महीने से आगामी महीने में ही राशन देने का प्रावधान है। इसी तरह राजा पार्क निवासी चरणजीत सिंह ने बैंक से लोन नहीं मिलने की शिकायत रखी।
सुंदर कालोनी में एमईओ की ओर से मकान खाली करवाने का मामला दरबार में कैंटोनमेंट बोर्ड के एमईओ की ओर से सुंदर कालोनी के लोगों से मकान खाली करवाने के लिए भेजे गये नोटिस के बाद यहां के निवासियों ने स्वास्थ्य मंत्री से मकान तोड़ने की कार्रवाई पर रोक लगाने का अनुरोध किया। मंत्री ने एसडीएम अंबाला को पूरे मामले की जांच करने और बोर्ड के सीईओ से मामले पर चर्चा करके न्याय दिलाने की बात कही।
पंजोखरा साहिब के रास्ते के लिए शीघ्र मिलेगी ग्रांट
पंजोखरा साहिब के रणधीर सिंह व अन्य गांववासी तथा गुरुद्वारा प्रबंधक ने स्वास्थ्य मंत्री से गुरुद्वारे के नये रास्ते को पक्का करवाने के लिए अनुरोध किया। स्वास्थ्य मंत्री ने पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को एस्टीमेट तैयार करने के आदेश दिये और कहा कि इसके लिए शीघ्र ही ग्रांट उपलब्ध करवाई जाएगी। दरबार में बिजली, पानी, सड़क, पेंशन और बीपीएल कार्ड से संबंधित शिकायतें भी आई। इस अवसर पर कैंट एसडीएम सुभाष सिहाग के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।