अंबाला सिटी। चेयरमैन जिला परिषद सुरेंद्र राणा और राजीव प्रसाद सीईओ जिला परिषद ने बुधवार को जिला स्तरीय बाल संरक्षण कमेटी और बाल कल्याण समिति के कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोडवेज, लेबर, रेडक्रास, पुलिस, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, जिला बाल संरक्षण, नगर निगम, हुडा बोर्ड, लीगल एड, जिला बाल कल्याण विभाग से बच्चों से जुड़े मुद्दों पर विचार विमर्श किया गया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि आब्जर्वेशन होम एवं ओपन शेल्टर होम के बच्चों के नियमित रुप से त्रैमासिक स्वास्थ्य जांच व कार्ड बनाए जाए। शिक्षा विभाग को स्कूलों में सुझाव पेटिका लगान के निर्देश दिए गए जिसमें बच्चे अपनी शिकायतें डाल सके और उस पेटिका में पाई जाने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। स्कूली बसों पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 लिखवाने के लिए निर्देश दिए गए। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों सचेत साहनी, कशिश साहनी, आयुष शर्मा ने सुझाव दिए कि बाल संरक्षण कमेटियां बनाई जाए जिसमें सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्वयं सेवी संस्थाओं को शामिल किया जाए। रोडवेज विभाग को भी बस स्टैंड व बसों पर चाइल्ड हेल्प लाइन नंबर 1098 लिखवाने के लिए निर्देश दिए गए।