अंबाला छावनी में मुख्य सब्जी मंडल वाले रास्ते पर भरा सीवर का पानी। शिकायतकर्ता
अंबाला। छावनी को स्मार्ट बनाने के दावों की जमीनी हकीकत लाल कुर्ती बाजार और सब्जी मंडी में दिखती है। यहां करीब 40 साल पहले डाला गया सीवरेज सिस्टम अब पूरी तरह खराब हो चुका है। चोक सीवर लाइनों का गंदा पानी सड़कों और सब्जी मंडी के बीचों-बीच बह रहा है। गंदगी और सड़न के इस माहौल से त्रस्त होकर लोग अपने घर बेचकर बाहर जाने को मजबूर हो रहे हैं।
पूर्व पार्षद नवीन यादव ने इस मुद्दे पर जिला प्रशासन और नगर परिषद को चेतावनी दी है। लाल कुर्ती बाजार स्थित सब्जी मंडी की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां सीवर का गंदा पानी फैला होने से भयंकर बदबू उठती है। दुकानदारों का दुकानों पर बैठना और ग्राहकों का खरीदारी करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों पंकज, गौरव, मुकेश और दीपक का कहना है कि यह जनस्वास्थ्य के साथ सीधा खिलवाड़ है। इससे बीमारी फैल सकती है। ग्राहकों के न आने से लाल कुर्ती बाजार के दुकानदारों का कारोबार ठप होने की कगार पर है। स्थानीय निवासी अब छावनी छोड़कर अन्य स्थानों पर बसने की सोचने लगे हैं।
प्रशासन को अल्टीमेटम और विभाग की लापरवाही
नवीन यादव ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि 40 साल पुराने सीवरेज को जल्द बदला जाए। उन्होंने सब्जी मंडी की सफाई व्यवस्था युद्ध स्तर पर दुरुस्त करने की मांग की है। ऐसा न होने पर बाजार एसोसिएशन के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। जनस्वास्थ्य विभाग के उपमंडल अधिकारी बलजिंदर सिंह ने समाधान का रटा-रटाया जवाब दिया। विभाग के पास सीवर साफ करने के लिए तीन गाड़ियां होने पर भी लालकुर्ती क्षेत्र में सफाई नहीं हो रही।