अंबाला। बैंक कर्मी बनकर साइबर ठग ने बब्याल के टंकी वाला मोहल्ला निवासी रवि कुमार के क्रेडिट कार्ड से तीन लाख 20 हजार निकाल लिए। शातिर ने पहले तो फोन कर दो वाउचर आने की बात कहीं। इतने में कार्ड की लिमिट के बारे में पूछा तो सारी सही जानकारी बताई। विश्वास में आकर बैंक कर्मी बने ठग ने ओटीपी मांगा तो वो दे दिए। इसके बाद ही खाते से सारी राशि निकल गई। साइबर थाना पुलिस ने रवि की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
फोन हैक कर ब्लॉक कार्ड से निकले रुपये
शिकायत कर्ता रवि ने बताया कि वह प्राइवेट नौकरी करता है। 25 अक्तूबर को वह अपने घर पर था। एक निजी नंबर से फोन आया। सामने वाले ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मी बताया। बोला कि आपके दो वाउचर हैं। क्रेडिट कार्ड की जानकारी बताने के बाद ओटीपी लेकर फोन को हैक कर लिया था। जब आरोपी को बोला कि फोन ठीक नहीं चल रहा तो उसने कहा कि वह फोन ठीक कर रहे हैं। शाम को जैसे ही फोन दोबारा से चालू किया तो 1 लाख 19 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। संबंधित बैंक में संपर्क कर कार्ड बंद करवाने के लिए बोला तो कार्ड को ब्लाॅक कर दिया था। अगले दिन ब्लॉक कार्ड से ही 2 लाख रुपये निकल गए। इस तरह उसके साथ धोखाधड़ी हुई है।