अंबाला सिटी। शिक्षा नियम 134-ए के तहत दाखिले लेने वाले बच्चों से पहले अभिभावकों की भी जमकर परीक्षा हो रही है। हालांकि शुक्रवार दोपहर बाद उनके सब्र का बांध उस समय टूट गया जब सर्वर डाउन होने का हवाला देकर अंबाला कैंट के बीईओ कार्यालय में शनिवार को रोल नंबर मिलने का नोटिस चस्पा किया गया। इसके बाद अभिभावकों ने कार्यालय में घुसकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराया। हंगामे का असर यह हुआ कि करीब तीन बजे तक सर्वर सही होने पर अभिभावकों को रोल नंबर दे दिए गए। उधर, अंबाला सिटी में आवेदनकर्ताओं को शनिवार को रोल नंबर दिया जाएगा, जबकि 14 अप्रैल को सभी जगहों पर परीक्षा होगी।
बता दें कि 134-ए के तहत एडमिशन पाने के लिए अभिभावकों में होड़ मची है, जिस वजह से वीरवार रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन हुए। शुक्रवार दोपहर दो बजे रोलनंबर मिलने की सूचना पर अभिभावक बीईओ कार्यालय में एक बजे से ही पहुंचने शुरू हो गए। दो बजे तक काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। हालांकि तभी बोर्ड पर नोटिस चस्पा किया गया कि रोलनंबर शनिवार को मिलेंगे। इसके बाद अभिभावकों का गुस्सा भड़क गया। इकट्ठा होकर वे बीईओ कार्यालय में पहुंच गए और उन्होंने विभाग व अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई। अभिभावकों का कहना था कि विभाग अपनी मनमानी कर रहा है। पहले ऑफलाइन, फिर ऑनलाइन के फेर में सभी को उलझाए रखा। अब रोल नंबर के लिए पहुंचने पर शनिवार को बुलाया जा रहा है। हंगामा होते देख अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थोड़ी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और अभिभावकों को शांत कराया। कुछ देर बाद सर्वर सही होने पर अधिकारियों ने रोल नंबर देने का फैसला लिया तो अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
कार्यालय गेट पर खड़े होकर बांटे रोलनंबर
हंगामे के बाद अभिभावकों की भीड़ बीईओ कार्यालय परिसर में इकट्ठा हो गई। कर्मचारियों ने कार्यालय गेट पर खड़े होकर अभिभावकों को रोल नंबर बांटे। इस दौरान अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कुछ अभिभावकों ने जमीन पर बैठकर शपथपत्र के लिए इंतजार किया।
अभिभावक बोले- जानबूझकर किया जा रहा परेशान
रंगिया मंडी निवासी अरुण कुमार, बड़े गेट निवासी मनीष व अन्य ने बताया कि रोलनंबर के लिए अभिभावकों को बुलाया गया था। वे दोपहर एक बजे बीईओ कार्यालय पहुंच गए थे, लेकिन दो बजे नोटिस चस्पा दिया गया कि अब रोल नंबर शनिवार को मिलेंगे। हम लोग पहले ही फार्म भरने व जमा करने को लेकर काफी परेशान हो चुके हैं। ऊपर से विभाग व अधिकारियों की कार्यप्रणाली समझ से बाहर है। ऐसे में जब सबने विरोध जताया तो रोल नंबर दिए जाने लगे। हमें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है। वहीं बीडी फ्लोर मिल के पीछे के रहने वाले पुरुषोत्तम दास ने बताया कि उसकी बेटी एकताश्री का कक्षा चार के लिए आवेदन किया था, लेकिन उसका रोल नंबर नहीं मिला।
स्कूलों की लिस्ट पहले ही की जारी
इस बार 134-ए के तहत रविवार को होनी वाली परीक्षा को लेकर स्कूलों की लिस्ट पहले ही जारी कर दी गई है। कक्षा 2 से कक्षा 12 तक आवेदन करने वाले बच्चे इस लिस्ट के अनुसार ही स्कूलों में जाकर परीक्षा देंगे। यह परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक होगी। खंड 1 के अनुसार कक्षा 2 के लिए आवेदनकर्ताओं की परीक्षा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बलदेव नगर अंबाला शहर, कक्षा 3 के लिए पीकेआर जैन गर्ल्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबाला शहर, कक्षा 4 के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुलिस लाइन अंबाला शहर, कक्षा 5 के लिए राजकीय उच्च विद्यालय नंबर-7 कपड़ा मार्केट अंबाला शहर, कक्षा 6 के लिए सोहन लाल कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंबाला शहर, कक्षा -7 के लिए राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन अंबाला शहर, कक्षा-8 के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलदेव नगर अंबाला शहर व कक्षा 9, 10 व 12 के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रेम नगर अंबाला शहर को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
जिले में यह यह आए आवेदन
कक्षा 2 के लिए 1226 ने आवेदन किया। कक्षा 3 के लिए 997 ने आवेदन किया। कक्षा 4 के लिए 906 ने, कक्षा 5 के लिए 854 ने, कक्षा 6 के लिए 911 ने, कक्षा 7 के लिए 696 ने, कक्षा 8 के लिए 570 ने, कक्षा 9 के लिए 481 ने, कक्षा 10 के लिए 138 ने, कक्षा 12 के लिए 24 ने आवेदन किया।
14 को परीक्षा, 18 को रिजल्ट होगा घोषित
नियम 134-ए के तहत कक्षा 2 से 12 तक के आवेदनकर्ताओं को कैंट बीईओ कार्यालय से रोल नंबर मिल गए, लेकिन सिटी में शनिवार को रोल नंबर दिए जाएंगे। इसके बाद 14 अप्रैल को परीक्षा होगी। वहीं इस परीक्षा का परिणाम 18 अप्रैल तक घोषित कर दिया जाएगा।
सर्वर डाउन होने पर शनिवार को रोलनंबर देने के लिए नोटिस चस्पा किया गया था। अभिभावकों का गुस्सा जायज है। जैसे ही सर्वर सही हुआ, सभी को रोल नंबर जारी कर दिए गए।
नीलम आनंद, बीईओ, अंबाला कैंट