किसान के कीटनाशक पीने के बाद प्रशासन ने शुरू कराया नाले का निर्माण
जफरपुर गांव में है मामला, नाले का पानी खेतों में जाने से फसल होती थी खराब, नहीं हो रहा था समस्या का हल
कीटनाशक पीने वाले किसान संजीव की हालत अब खतरे से बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
मुलाना। जफरपुर गांव में किसान संजीव के खेत से गंदे पानी की निकासी का हल होता न देख जब उसने कीटनाशक पी लिया तो अगले ही दिन प्रशासन ने भी इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए नाले का निर्माण शुरू करवा दिया। इसी नाले का पानी संजीव के खेतों में इकट्ठा होने से फसल खराब होती थी। उल्लेखनीय है कि अधिकारियों से लेकर सीएम विंडो तक शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई न होते देख और अधिकारियों के रवैये से हताश होकर किसान ने कीटनाशक पी लिया था।
उल्लेखनीय है कि किसान संजीव ने कई बार अधिकारियों को शिकायत दी कि गांव का सारा गंदा पानी उनके खेतों में आता है जिससे फसल बर्बाद हो जाती है। हर बार उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद किसान ने सीएम विंडो पर शिकायत दी, जिसके बाद भी समस्या जस की तस बनी रही। गत दिवस भी शिकायत के बाद बीडीपीओ मौके पर पहुंचीं, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस कार्रवाई अथवा आश्वासन तक नहीं दिया। इसी से हताश होकर संजीव ने कीटनाशक पीकर सुसाइड की कोशिश की। परिजन उसे एमएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाए, जहां उसका उपचार किया गया। अब संजीव की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार अब प्रशासन अपनी गलती छिपाने के लिए नाले पर कार्य लगवा कर किसानों को झूठा साबित करना चाहता है। उन्होंने कहा कि किसान संजीव द्वारा ऐसा कदम उठाने के बाद ही प्रशासन ने मौके पर कार्य शुरू कराया है।
कोट
नाले पर निर्माण कार्य तो लगना ही था, जिसके लिए निर्माण सामग्री वहां पहले से ही उपलब्ध थी। नाले पर निर्माण के लिए वहां मैं ग्रामीणों को भी बोलकर आई थी।
-सुमन कादियान, बीडीपीओ, बराड़ा।
-------
मामले में सभी पहलुओं को गहनता से जांचा जा रहा है। उसके बाद ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
-सुनील कुमार, मुलाना थाना प्रभारी।