शिकायतकर्ता पर ही उलटा पड़ाव दांव, मंत्री ने रद्द की शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। ‘जब महिला की जांच के दौरान सभी दस्तावेज पूरे हैं और इसी मामले को लेकर वह हाईकोर्ट में केस भी जीत चुकी है तो क्या हम न्यायालय से ऊपर हैं।’ यह बात परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने वीरवार को पंचायत भवन में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं शिकायत निवारण समिति की मासिक बैठक में समस्या सुनते हुए कही। दरअसल, एक व्यक्ति ने विधवा महिला के खिलाफ शिकायत दी थी जोकि जांच में उलटी पड़ गई। बैठक के दौरान कुल 12 में से 11 समस्याओं का समाधान मौके पर किया गया।
बैठक में एक व्यक्ति की शिकायत पर चर्चा हुई जिसने विधवा महिला के खिलाफ गलत तरीके से बीपीएल कार्ड बनाने का आरोप लगाया। इसको नकारते हुए मंत्री ने न्यायालय के फैसले को प्राथमिकता दी। साथ ही शिकायतकर्ता द्वारा जाली बीपीएल राशन कार्ड व अन्य दस्तावेजों की शिकायत को भी नकारा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने पुराने दस्तावेज दिखाने की कोशिश की लेकिन बिना दस्तावेज देखे ही मंत्री ने महिला को पक्का मकान बनवाने के लिए आदेश दिए। गैर-सरकारी सदस्यों के द्वारा भी पूछे गए सवाल पर शिकायतकर्ता बहस करने लगा लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने दोनों पक्षों को शांत करवाया। विधवा महिला ने बताया कि उनके पति की मृत्यु के बाद वह दो बच्चों के साथ कई सालों से रह रही है लेकिन शिकायतकर्ता उसे परेशान करता रहता है। इसको लेकर ही मंत्री ने शिकायतकर्ता को महिला पर दोबारा आरोप न लगाने की सलाह दी। मौके पर विधायक असीम गोयल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
- वहीं दूसरे मामले में शिकायतकर्ता ने महिला पुलिस थाना प्रभारी की जांच की असंतुष्टि पर सवाल उठाए। साथ ही पुलिस द्वारा सही तरीके से जांच न करने के बारे में कहा। शिकायतकर्ता ने बताया कि पुलिस खुद आकर उनके बयान बदलवा रही है जिसको लेकर भी काफी बहस हुई लेकिन अंत में मंत्री ने शिकायतकर्ता की संतुष्टि के लिए गैर-सरकारी सदस्यों से साहब सिंह, सरला कपूर और सुरेश सहोता को मामले की जांच करके आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अन्य मामलों में भी सुनवाई की गई।
- गांव ठरवा के कर्मचंद ने शिकायत दी थी कि हैफेड के गोदामों में जितेंद्र लोहान नामक स्टोर कीपर निजी रिश्तेदारों को रखकर घोटाला कर रहा है। इस संबंध में एसडीएम ने जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बिना शर्तों के पूरा किए कर्मचारियों को रखने के बारे बताया और सभी शर्तों का उल्लंघन पाया गया। इस पर परिवहन मंत्री ने हैफेड डीएम को एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने तथा इस पूरे मामले में सरकार को हानि पहुंचाने के सभी पहलुओं की जांच करने के निर्देश दिए।
- गांव जोधपुर की जसविंद्र कौर ने अपने ससुर और रिश्तेदारों के विरुद्ध बेटी से छेड़छाड़ संबंधी शिकायत दी थी। इस पर इंदिरा रानी द्वारा अशोक कुमार गोयल के विरुद्ध संपत्ति के मामले में शिकायत की जांच पर परिवहन मंत्री ने दोनो पक्षों को न्यायालय में जाने का परामर्श दिया।
- सिटी के नाहन हाउस के जितेंद्र कुमार द्वारा अपने मकान के नजदीक बनी सिमरन आईस फैक्ट्री से गंदगी फैलने, वाइब्रेशन और जहरीली गैसों के रिसाव की शिकायत पर नगर निगम द्वारा आईस फैक्ट्री को नोटिस जारी देने के बारे में बताया गया। इसके साथ ही शिकायत सुनते समय मंत्री ने इस मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और सिविल सर्जन को भी सभी पहलुओं की जांच करने के निर्देश दिए।
- उगाला गांव के रामफूल ने बुहावा रोड पर पानी जमा होने की शिकायत रखी थी, जिस पर बीडीपीओ ने बताया कि दोनों ओर नालियां बनाने के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है और लोक निर्माण विभाग से इस सड़क की मरम्मत के लिए अनुरोध किया गया है।
---------
गैर-सरकारी सदस्यों के कहने पर मंत्री बोले- गलत पर न की जाए सुनवाई, सही हो तो तुरंत हो समाधान
मंत्री ने गैर-सरकारी सदस्यों की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को कहा कि अगर कोई गलत कार्य करने के लिए दबाव बनाता है तो वह इसको लेकर मंत्री को जानकारी दे सकते हैं। लेकिन अगर मामला सही है तो उस मामले पर तुरंत कार्रवाई और समस्या का समाधान होना चाहिए।