आंगनबाड़ी वर्कर्स ने जुलूस निकाल किया डीसी कार्यालय का घेराव, सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। जिले की आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर यूनियन सोमवार सुबह जुलूस की शक्ल में 10 बजे डीसी शरणदीप कौर बराड़ को ज्ञापन सौंपने पहुंचीं। इस दौरान वह करीब दो घंटे तक डीसी कार्यालय का घेराव कर मांगों का ज्ञापन सौंपने के लिए वहीं बैठी रहीं।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि उन्हें जनगणना 2016 के सर्वे का भुगतान किया जाए। उन्होंने कहा कि बीते तीन वर्ष से आंगनबाड़ी वर्कर्स अपनी जेब से भवनों का किराया दे रही हैं। खाना बनाने के लिए ईंधन, सब्जी व मेहनताना का भुगतान 3 वर्ष से बकाया है। वर्कर्स व हेल्पर का केंद्र द्वारा किया जाने वाला मानदेय चार महीने से बकाया है। एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता जिसके साथ गांव बेरपुरा में ड्यूटी से घर जाते समय मारपीट व छेड़छाड़ हुई थी, उस मामले में दोषियों पर कार्रवाई की जाए। हेल्पर की छुट्टी वाले दिन आंगनबाड़ी में खाना बनाने के लिए कोई अन्य प्रबंध किया जाए। राशन की सप्लाई सेंटरों में उतारी जाए। आटा या तो बंद किया जाए या 20 किलो की सप्लाई सेंटरों में की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि जटवाड़ की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को धोखे से घर बैठा दिया गया है और उसका मानदेय भी नहीं दिया गया, उसके साथ न्याय किया जाए।