अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। ऑनलाइन फीस भरने की प्रक्रिया से परेशान हो चुके विद्यार्थियों का आखिर में ऑफलाइन प्रक्रिया के आधार पर ही दाखिला करना पड़ा। कॉलेज में दाखिला लेने के लिए जिन विद्यार्थियों का पहली लिस्ट में नाम आया था, वह बुधवार तक ही अपना दाखिला करवा सकते थे। वीरवार को सभी कॉलेजों के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया आरंभ होगी और दूसरी प्रोविजिनल लिस्ट 7 जुलाई जारी की जाएगी। इसके पश्चात ही दाखिले की आगे की प्रक्रिया जारी होगी। वहीं पॉलिटेक्निक में 10वीं पास कर चुके विद्यार्थियों के लिए भी काउंसिलिंग प्रक्रिया आरंभ हो गई है। और 12वीं व आईटीआई कर चुके विद्यार्थियों के लिए आज से रिपोर्टिंग प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। आईटीआई में दाखिला लेने के लिए इच्छुक विद्यार्थियों के लिए आवेदन भरने की प्रक्रिया भी जारी हो चुकी है।
पॉलिटेक्निक के डिप्लोमा इंजीनियरिंग में इतने विद्यार्थियों ने की रिपोर्ट
ट्रेड अलॉट सीट रिपोर्ट करने वाले विद्यार्थी
आर्किटेक 46 22
आटो मोबाइल इंजीनियरिंग 42 31
सिविल इंजीनियरिंग 86 59
कंप्यूटर 57 46
इलेक्ट्रिकल 43 36
इलेक्ट्रॉनिक्स 40 21
मेकेनिकल 93 66
प्लास्टिक 34 8
आर्किटेक उमरी 16 5
कुल 457 294
फीस भरवाने के लिए कॉलेज और बैंक में बनाई व्यवस्था
ऑनलाइन और ऑफलाइन फीस भरवाने में उलझे विद्यार्थियों के लिए बैंक में और ऑफलाइन तरीके से फीस जमा करवाने के लिए कॉलेज मे व्यवस्था बनाई गई। बैंक में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक काउंटर के स्थान पर दो काउंटरों की व्यवस्था की गई, वहीं कैंट के गवर्नमेंट कॉलेज में भी ऑफलाइन प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों की फीस भरवाने के लिए कई काउंटर बनाए गए ताकि विद्यार्थियों की फीस की अदायगी फटाफट की जा सके।
विभिन्न प्रक्रियाओं के चलते हुई समस्या
फीस जमा करवाने के लिए बुधवार को आखिरी तारीख होने के कारण विद्यार्थियों को काफी परेशानी हुई। कॉलेज में विद्यार्थियों की अधिक संख्या होने के कारण दाखिला प्रक्रिया के लिए डाक्यूमेंट चेक करने की प्रक्रिया शाम तक चली। इस कारण चालान देर में जनरेट हो सके। व्यवस्था यह है कि कॉलेज में चालान जनरेट होने के कम से कम दो से तीन घंटे के बाद बैंक के पास उस चालान की डिटेल पहुंचती है, जिस कारण विद्यार्थी बार-बार कॉलेज और बैंक के चक्कर काट रहे थे। कॉलेज प्रिंसिपल पर कई शिकायत आने पर चालान बैंक में जनरेट न होने के बाद दाखिला प्रक्रिया को ऑफलाइन कर दिया।
देर शाम तक होती रही फीस जमा
गवर्नमेंट कॉलेज में देर शाम तक ऑफलाइन फीस जमा होती रही और शाम तक बीए की 320 सीट में से 264 सीटों पर विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। इसके पश्चात् बीए में केवल 56 सीट बची हैं। इसके अलावा पहली लिस्ट में बीकॉम में 151, बीकॉम सीए में 23, बीएससी नॉन मेडिकल में 28, बीएससी मेडिकल में 35, बीसीए में 51, बीएएमसी में 34, बीएससी कंप्यूटर साइंस में 26 व बीबीए में 27 दाखिले हुए। इसके बाद सभी कॉलेजों में 7 जुलाई को दूसरी प्रोविजनल लिस्ट जारी की जाएगी। और 7 से 9 जुलाई तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होंगे। इसके बाद 12 जुलाई को दूसरी फाइनल लिस्ट लगेगी।
पोर्टल न खुलने से विद्यार्थी परेशान
कई विद्यार्थी ऐसे हैं जिन्होंने केवल एक ही कॉलेज में दाखिला लेने के लिए फार्म भरा था। कम कम अंक होने के कारण उनका उस कॉलेज की लिस्ट में नाम आने के कम अनुमान लग रहे हैं। उनका कहना है कि अगर दोबारा पोर्टल खुलता है तो वह किसी अन्य कॉलेज में दाखिला लेने के लिए अप्लाई कर सकते हैं, जिससे उनका किसी अन्य कॉलेज की मेरिट लिस्ट मे नाम आ सके।
आईटीआई में ऑनलाइन भर सकते हैं फार्म भरने की फीस
आईटीआई में दाखिला लेने के लिए जो विद्यार्थी फार्म भर रहे हैं, उनके लिए सरकार की ओर फार्म शुल्क रखा है। जोकि स्कैच कार्ड और ऑनलाइन प्रक्रिया के आधार पर अदा कर सकते हैं। लड़कियों से फार्म भरने के लिए किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आज बैंक में फीस भरवाने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक थी, जिस कारण एक काउंटर के स्थान पर दो कांउटरों की सुविधा करवाई गई, ताकि विद्यार्थी फीस की अदायगी आसानी से कर सके।
- बृज लाल, ब्रांच मैनेजर फुटबाल चौक, एसबीआई बैंक।
विद्यार्थियों की ऑनलाइन फीस अदायगी न होने की काफी शिकायतें आ रही थी, इसके पश्चात ही ऑफलाइन फीस अदा करने की प्रकिया चलाई ताकि विद्यार्थियों को परेशान न हो।
-पूनम वत्स, प्रिंसिपल, राजकीय स्नातोक्तर महाविद्यालय अंबाला कैंट।