नारायणगढ़। पिता की मौत के बाद फर्जी तौर पर किसी अन्य को अपना पिता बता कर पुत्र ने एक प्लाट अपने नाम करवा लिया। मामले का खुलासा होने के बाद बहन ने इस संबंध में पुलिस व अदालत तक में शिकायत दी लेकिन जब कोई कार्यवाही नहीं हुई। मजबूर होकर उसने सीएम विंडो का सहारा लिया, जिस पर अब जाकर पुलिस ने शिकायतकर्ता के भाई सहित नंबरदार व गवाह तथा अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार शहर के वार्ड 11 वासी बचना राम की मौत जनवरी 2011 में हो गई थी। उसके पुत्र मनिंद्र सिंह ने वर्ष 2012 में अपने पिता की जगह किसी अन्य को खड़ा कर एक फर्जी हिब्बानामा अपने नाम करवा लिया। इस बारे जब मनिंद्र की बहन मीनाक्षी वासी थंबड़ (बराड़ा) को पता चला तो उसने इस संबंध में एक शिकायत पुलिस के उच्च अधिकारियों को करने के साथ-साथ अदालत में भी एक शिकायत दायर कर दी। हालांकि पुलिस द्वारा इस संदर्भ में की गई जांच में सच्चाई को दरकिनार कर मामले को एक तरह से खारिज कर दिया गया। लेकिन मीनाक्षी ने हार नहीं मानी और उसने इस संबंध में पिछले दिनों में एक शिकायत सीएम विंडो पर दी। जांच में अब यह तथ्य सामने आए कि वाक्या में उसके इकलौते भाई मनिंद्र सिंह अपने पिता बचना राम की मौत के लगभग एक वर्ष बाद शहर के वार्ड 5 में स्थित एक पांच मरले के प्लाट को फर्जी तरीके से अपने नाम करवा लिया। थाना प्रभारी सुरेश पाल ने बताया कि मीनाक्षी की इस शिकायत पर अब पुलिस ने भाई मनिंद्र सिंह, नंबरदार दूनीचंद, गांव कुराली वासी गवाह अनिल कुमार व अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।