10 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी गुडगुडिया नाले के ऊपर मल्टी लेवल पार्किंग : विज
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए विजय रत्न चौक के पास गुड़गुड़िया नाले के ऊपर बनने वाली मल्टी लेवल पार्किंग की ड्राइंग को अंतिम रूप दे दिया है। इस पार्किंग के निर्माण पर 10 करोड़ रुपये की राशि खर्च होने का अनुमान है। पार्किंग का नक्शा स्वीकृति के लिए स्थानीय निकाय विभाग मुख्यालय भिजवाया जा चुका है। यह पार्किंग विजय रत्न चौक से कबाड़ी बाजार तक लगभग 700 फुट लंबे व 60 फुट चौड़े स्थान में बनाई जाएगी। इस पार्किंग का रैंप 8 मीटर चौड़ा होगा।
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पार्किंग के लिए नगर निगम के अधिकारियों के साथ अपने आवास पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस पार्किंग में वाहनों के प्रवेश के लिए दो रास्ते होंगे। पहला रास्ता चौक के साथ होटल के साथ तथा दूसरा रास्ता पुराने लोकल बस अड्डे से बनाया जाएगा। मल्टी लेवल पार्किंग में वाहनों के सुविधाजनक आवागमन के लिए डिवाइडर की व्यवस्था की जाएगी ताकि आसानी से वाहन आ जा सकें। वाहन चालकों की सुविधा के लिए पार्किंग में लिफ्ट व सीढ़ियों की व्यवस्था होगी। पार्किंग के नजदीक शौचालय की सुविधा अलग से उपलब्ध करवाई जाएगी। मल्टी लेवल पार्किंग का पहला फ्लोर भूमि से 10 फुट ऊंचा रखा जाएगा। इस पूरी पार्किंग में 300 से अधिक वाहनों को पार्क करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। लोकल बस अड्डे से रास्ते के प्रावधान के बाद शेष बची जगह को भी पार्किंग के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। इस पार्किंग में सुविधाजनक आवागमन के लिए पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सूरजभान के आवास से राजकीय महाविद्यालय को जाने वाली सड़क पर पड़ने वाली पुलिया को भी दोनों साइड में 14-14 फुट बढ़ाया जाएगा।
पार्किंग को लेकर झेल रहे परेशानी
उल्लेखनीय है कि कैंट में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण वाहन बाजारों के बीच खड़े होते हैं। इससे जहां आने-जाने वालों को असुविधा होती है, वहीं दुकानदारों के कारोबार भी प्रभावित होते हैं। सदर क्षेत्र में दिनभर वाहन खड़े रहते हैं जबकि राय मार्केट और रेलवे रोड पर भी यही स्थिति है। पार्किंग बनने से इन समस्याओं से निजात मिल सकेगी।