रात को सो रहे परिवार पर हमला कर हजारों रुपये की नकदी व सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए लगभग आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है। वारदात में खेमपाल ( 55 वर्ष) बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में खेमपाल ने बताया कि वह थाना मुरादाबाद के गांव सादिकपुर का रहने वाला है। पिछले लगभग 6 वर्षों से गांव बतौरा में आम के बाग ठेके पर लेकर वहां पर अपने भाई चन्द्रपाल व पत्नी अशरफी और पोती भारती के साथ रहता हूं। शुक्रवार-शनिवार को देर रात लगभग एक बजे जब वह अपने कमरे में सो रहे थे तो कमरे में हुई खटखट की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर मैंने अपने भाई व परिजनों को आवाज दी। तभी वहां पर हाथों में डंडे लिए दो तीन लोगों ने हम पर हमला कर हमारे सिर व मुंह पर लाठियां मारी। अन्य दो तीन व्यक्ति हमारे कमरे का ताला तोड़कर वहां पर चोरी कर रहे थे। हमारे द्वारा शोर मचाने और मेरी पत्नी द्वारा नजदीकी बस्ती में रहने वाले लोगों को मदद के लिए बुलाया गया। लेकिन इससे पहले आरोपी हमारे कमरे से एक छोटा संदूक जिसमें तीस हजार रुपये और दो तीन सोने के जेवरात थे ले गये और जाते जाते मेरा मोबाइल भी ले गये।
आम के पेड़ के ठेके को बताया विवाद का कारण
खेमपाल के अनुसार यह हमला हमारे उपर राम किशन, जस्सू, जस्सू के दो लड़के व उनकी दो औरतों ने रंजिशन किया है। क्योंकि ये लोग भी इस बाग को लेने के कारण हमारे से रंजिश रखते थे। पुलिस ने खेमपाल के बयान पर आधा दर्जन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कारवाई शुरू कर दी है।