अंबाला सिटी। रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इस पुल के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए अप्रैल तक लक्ष्य रखा गया है। मानव चौक व अग्रसेन चौक के बीच 720 मीटर लंबाई वाले व 11 मीटर चौड़े रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया, जबकि 30 प्रतिशत कार्य अधूरा है। इस कार्य को 30 अप्रैल तक पूरा किया जाएगा। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने विकास परियोजनाओं पर समीक्षा करते हुए कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
2024 में मिली मंजूरी के बाद बढ़ा 4.85 करोड़ बजट
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से एलिवेटिड वाया डक्ट फ्लाई ओवर को लेकर मार्च 2024 में मिली मंजूरी के बाद करीब 4.85 करोड़ रुपये का बजट बढ़ाया गया है, इसके बाद विभाग की तय डेडलाइन के मुताबिक इस पर कार्य भी चल रहा है। एनएचएआई के कार्यकारी अभियंता अरुण सिंहमार ने बताया कि इस परियोजना पर अनुमानित खर्चा 19.51 करोड़ रुपये आना है। परियोजना के तहत 70 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है और 30 प्रतिशत कार्य को अप्रैल तक पूरा कर लिया जाएगा। परियोजना के पूरा होने के बाद संबंधित एजेंसी चार साल तक इस कार्य का रखरखाव करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस परियोजना एवं रेलवे ओवर ब्रिज बनने के बाद यातायात के आवागमन में आसानी होगी।
यातायात के आवागमन में होगी आसानी
इस परियोजना एवं रेलवे ओवर ब्रिज बनने के बाद यातायात के आवागमन में आसानी होगी। पहले से ही यहां पर जो पुल बना हुआ है उस पर वाहनों के ज्यादा आवागमन के कारण इस नए पुल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इस नए पुल के बनने से लोगों को काफी लाभ होगा। स्कूली विद्यार्थियों के साथ-साथ अन्य लोगों को अपने आवागमन में आसानी होगी। इस पुल के बनने से फसल सीजन में किसानों को मंडियों में अपनी फसल लाने में सुगमता होगी।