अंबाला सिटी। दो दिवसीय मेगा मॉनीटरिंग के तहत मंगलवार को 293 प्राइमरी स्कूलों में पर्यवेक्षण किया। यह आयोजन निपुण अंबाला मिशन के अंतर्गत जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा के नेतृत्व में जिले के प्राथमिक स्कूलों में किया जा रहा है।
बुधवार को दूसरे दिन शेष बचे 185 स्कूलों की माॅनीटरिंग होगी। 478 स्कूलों की माॅनीटरिंग के इस कार्य के लिए जिले में कुल 187 माॅनीटरिंग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिसमे सभी खंड शिक्षा अधिकारी, खंड संसाधन समन्वयक, संकुल मुखिया, प्रधानाचार्य, पीजीटी, टीजीटी, बीआरपी और एबीआरसी शामिल है।
इन सभी माॅनीटरिंग अधिकारियों को जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से एक ऑनलाइन टूल उपलब्ध करवाया गया है। जिसके उपयोग से सभी माॅनीटरिंग अधिकारियों ने मेगा माॅनीटरिंग के कार्य को संपन्न किया। सभी माॅनीटरिंग अधिकारियों ने कक्षा एक से लेकर कक्षा तीसरी तक प्रत्येक कक्षा के छह बच्चों की भाषा और गणित विषयों की दक्षताओं का आंकलन इस टूल के माध्यम से किया। उन्होंने यह भी देखा कि कक्षाओं के लिए विभाग की ओर से शिक्षकों के लिए प्रदान की गई शिक्षक संदर्शिका और बच्चों के लिए दी गई कार्य-पुस्तिका का प्रयोग नियमित रूप से हो रहा है या नहीं।
डीईईओ ने किया सेक्टर-8 स्कूल का दाैरा
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने भी शहर के सेक्टर-8 स्थित प्राइमरी स्कूल का दौरा किया और वहां पर नियुक्त माॅनीटरिंग अधिकारी की ओर से अपनाई जा रही माॅनीटरिंग प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के किचन गार्डन, मिड डे मील, और कक्षा कक्ष में प्रिंट रिच वातावरण को संतोषजनक बताया। इस अवसर पर सुधीर कालड़ा ने कहा कि आगामी 17 मार्च से इन कक्षाओं के बच्चों की वार्षिक परीक्षाएं भी होनी हैं, इस लिहाज से यह मेगा माॅनीटरिंग इन बच्चों के लिए प्री-बोर्ड परीक्षा का कार्य भी करेगी, जिससे यह बच्चे अपनी वार्षिक परीक्षा में भी बेहतर प्रदर्शन कर पाएंगे।
उन्होंने बताया कि इससे पहले 23 दिसंबर को भी शिक्षा दीक्षा पर्यवेक्षण के अंतर्गत सभी 478 स्कूलों का पर्यवेक्षण किया गया था। उस पर्यवेक्षण रिपोर्ट के आधार पर शिक्षा में पिछड़ रहे बच्चों पर फोकस करते हुए न केवल स्कूलों में मेंटरिंग विजिट को बढ़ाया गया था, बल्कि उपचारात्मक कार्यक्रम भी चलाया था। उक्त कदमों का बच्चों के अधिगम स्तर पर क्या और कैसा प्रभाव पड़ा, यह सब भी इस मेगा माॅनीटरिंग से पता चल पाएगा।
जिला एफएलएन समन्वयक मनोज कुमार ने बताया कि डीईईओ सुधीर कालड़ा के नेतृत्व में की जा रही इस मेगा माॅनीटरिंग से प्राप्त डाटा के आधार पर जिले की एफएलएन टीम को शिक्षा विभाग के निपुण लक्ष्य को प्राप्त करने में आगे की रणनीति बनाने में सहायता मिलेगी ताकि सत्र 2025-26 के अंत तक विभाग की ओर से निर्धारित शत-प्रतिशत निपुण अंबाला के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।