मुलाना। कलालटी में संदिग्ध बुखार के मरीज मिलने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नहौनी की टीम ने गांव में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। शिविर से पहले गांव में अनाउंसमेंट करवाई गई। इसके बाद 62 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इसमें 28 मरीजों ने शरीर में दर्द व दो-तीन दिन से बुखार होने की शिकायत की। डॉक्टरों की टीम ने सात मरीजों की हालत को देखते हुए उनके खून के नमूने लिए।
साथ ही सभी मरीजों को दवाइयां वितरित की। स्वास्थ्य शिविर में दो मरीजों को सीएचसी मुलाना में रेफर किया। इनमें एक मरीज अभिषेक को थाइपोहाइड़ बुखार तो दूसरे मरीज नरेश के प्लेटलेट्स घट रहे थे। इसके अलावा गांव में एंटी लारवा स्प्रे की गई। टीम को सर्वे के दौरान गांव से कोई लारवा नहीं मिला। शिविर में नहौनी पीएचसी इंचार्ज डा. सन्नी भट्टी, डॉ. दीक्षा, डॉ. नीलम, एलएचवी राज रानी, एएनएम मीनाक्षी, एचआई देविंद्र, एलटी देविंद्र, सौरभ मौजूद रहे।