बिजली मरम्मत कार्य करते हुए कर्मचारी। फाइल फोटो
अंबाला सिटी। आने वाली गर्मी के सीजन में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। बिजली निगम शहर और ग्रामीण क्षेत्र में घासमंडी, उदयपुर और अद्दोमाजरा में 33 केवी के नए सब स्टेशन लगाएगा। इन नए सब स्टेशन के लिए बिजली निगम की ओर से निविदा लगाने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब जल्द ही एजेंसी को कार्य आवंटन किया जाएगा। कार्य आवंटन करने को लेकर कमेटी की ओर से कार्य चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के अद्दोमाजरा सब स्टेशन पर करीब 6.75 करोड़, उदयपुर सब स्टेशन पर 5.3 करोड़, घासमंडी में 14 करोड़ की लागत से सब स्टेशन लगाया जाएगा। इन सब स्टेशन के लगने से करीब 1 लाख उपभोक्ताओं को सुविधा होगी। इन तीनों प्रोजेक्ट पर करीब 26 करोड़ का बजट खर्च होगा।
नग्गल क्षेत्र में 15 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
नग्गल क्षेत्र की बेल्ट उदयपुर और अद्दोमाजरा में बिजली निगम 33 केवी सब स्टेशन लगाएगा। इन जगहों पर सब स्टेशन लगने से क्षेत्र के 15 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। सबसे ज्यादा राहत उन उपभोक्ताओं को मिलेगी, जोकि लो वोल्टेज की समस्या से जूझते हैं। नग्गल क्षेत्र के कई गांव ऐसे हैं, जहां नन्योला व चौड़मस्तपुर सब स्टेशन से बिजली सप्लाई हो रही है, लेकिन कई गांव इन सब स्टेशन से ज्यादा दूरी पर है, जिससे उन गांव के उपभोक्ताओं को गर्मी के सीजन में ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ती है।
लाइन की लंबी दूरी होने से लगते हैं बिजली कट
मंडौर क्षेत्र में धूलकोट सब स्टेशन से बिजली दी जा रही है और घासमंडी में भी इस क्षेत्र से बिजली दी जा रही है। इन क्षेत्रों की लंबी दूरी होने से बिजली संबंधित समस्या आती है। गर्मी के पीक सीजन में कई बार तार टूट जाता है और तेज हवा चलने और बारिश में भी ज्यादा दिक्कत आती है, जिससे इन एरिया में लो वॉल्टेज, ब्रेकडाउन और अघोषित कट भी लगते हैं। बीते वर्ष बाढ़ आने से सबसे ज्यादा परेशानी घासमंडी क्षेत्र में झेलनी पड़ी थी। इस वजह से घासमंडी एरिया के लिए यहां सब स्टेशन लगाया जाएगा।
उदयपुर, अद्दोमाजरा व घासमंडी में बिजली सब स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इन तीनों प्रोजेक्ट पर करीब 26 करोड़ खर्च होंगे। इन प्रोजेक्ट के लगने से करीब 1 लाख उपभोक्ताओं को फायदा होगा। इन प्रोजेक्ट को लेकर टेंडर हो चुके हैं। जल्द ही एजेंसी को वर्कअलॉट जारी किए जाएंगे।
- वीके गोयल, अधीक्षक अभियंता, बिजली निगम।