अंबाला। बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखे छोड़कर दहशत फैलाने व ध्वनि प्रदूषण करने वालों पर पुलिस का शिकंजा बढ़ता जा रहा है। अंबाला सिटी के बलदेव नगर थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में शनिवार को जगह-जगह नाकाबंदी कर 25 बाइकों के चालान किए। तीन बाइकों को जब्त भी किया गया। बलदेव नगर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने कहा कि यह कार्रवाई नियमित तौर पर चल रही है। उन बुलेट चालकों पर कार्रवाई की जा रही है जिन्होंने अपने साइलेंसर में अवैध बदलाव करवा रखा है।
उधर, पुलिस की कार्रवाई देखकर पटाखा बजाने वाले हुड़दंगी गलियों में भागते नजर आए। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने पटाखे जैसा शोर पैदा करने वाली 3 बुलेट बाइक को मौके पर जब्त किया गया। इन वाहनों पर अब भारी जुर्माना लगाया जाएगा। थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि बुलेट से पटाखे छोड़ना न केवल ध्वनि प्रदूषण का कारण है, बल्कि इससे सड़क पर चल रहे अन्य राहगीरों, बुजुर्गों व दिल के मरीजों में दहशत फैलती है, जिससे हादसे का डर बना रहता है।