अंबाला। कंटोनमेंट बोर्ड की तर्ज पर छावनी में विभिन्न जगहों पर जल्द ही आधुनिक बस क्यू शेल्टर बनाए जाएंगे। यह बस क्यू शेल्टर आधुनिक के साथ साथ स्टील के पाइप से बनाए जाएंगे। इसके साथ ही इनमें लाइट का भी प्रावधान रहेगा। जिसे लेकर विभाग पहले ही प्रक्रिया शुरू कर चुका है। नगर परिषद जल्द ही इनके खर्च का ब्योरा बनाकर रोडवेज के अधिकारियों को सौंपेगा। इसके बाद रोडवेज मुख्यालय से यह बजट आने के बाद नगर परिषद को दिया जाएगा जोकि इसका निर्माण करवाएगा।
सोमवार को छावनी के विश्राम गृह में आयोजित जनता दरबार में परिवहन, श्रम एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने महाप्रबंधक को छावनी में आधुनिक बस क्यू शेल्टर लगाने के आदेश दिए थे।
कहीं पर बस क्यू शेल्टर की हालत खस्ता तो कहीं से है गायब
मौजूदा समय में अंबाला छावनी बस स्टैंड, कैपिटल चौक और छावनी के नागरिक अस्पताल चौक पर लगे हुए बस क्यू शेल्टर की हालत खस्ता हुई पड़ी है। आज के समय में इन बस क्यू शेल्टर को कोई इस्तेमाल नहीं करता है। वहीं अंबाला जगाधरी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सनातन धर्म कॉलेज के बाहर बस क्यू शेल्टर बना हुआ था, जोकि अब वहां से गायब हो चुका है।
इन 23 जगह पर बनाए जाएंगे बस क्यू शेल्टर
केपिटल चौक, चुंगी चौक, टुंडला, डिफेंस कॉलोनी, कलरहेड़ी, शास्त्री कॉलोनी, डीआरएम कार्यालय, सुंदर नगर, चंद्रपुरी कॉलोनी, मंछौंडा, शाहपुर, नागरिक अस्पताल अंबाला छावनी, सुभाष पार्क, बीडी फ्लोर मिल, हाथीखाना मंदिर, रंगिया मंडी चौक, नन्हेडा, सनातन धर्म कॉलेज, महेश नगर, टांगरी बांध मोड, बब्याल, दलीपगढ़, और बोह में बनाए जाएंगे यह बस क्यू शेल्टर।
वर्जन
नगर परिषद के एक्सईएन मंदीप सिंह ने बताया कि सेना क्षेत्र में बने बस क्यू शेल्टर की तर्ज पर अंबाला छावनी में बस क्यू शेल्टर बनाए जाएंगे। जोकि स्टील से निर्मित होंगे। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है जल्द ही अनुमानित लागत की फाइल रोडवेज को भेज दी जाएगी।