अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा 17वीं लोकसभा आम चुनाव के दृष्टिगत सभी तैयारी पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से पूरी व्यवस्था चाक-चौबंद है। मीडिया प्रमाणन एवं निगरानी समिति भी सोशल मीडिया व पेड न्यूज पर नजर रख रही है। मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए भी अभियान जोरों पर हैं। डीसी मंगलवार को चंडीगढ़ से मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजीव रंजन द्वारा आयोजित वीसी में जानकारी दे रही थीं।
उन्होंने बताया कि ड्यूटी मजिस्ट्रेट, सेक्टर ऑफिसर, सर्विलांस टीम, वीडियो व्यूविंग और लेखा टीमें, नोडल अधिकारियों की कमेटियां सुचारू रूप से कार्य में जुटी हैं। सी-विजिल यानी नागरिक सतर्कता ऐप पर जो भी शिकायतें आती हैं, उनका निर्धारित समय के अनुसार निपटान कर दिया जाता है। अब तक सी-विजिल पर करीब 240 शिकायतें आईं, जिनका निपटारा किया जा चुका है। अति संवेदनशील और संवेदनशील बूथों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इस मौके पर एडीसी शक्ति सिंह, शहर एसडीएम कमलप्रीत कौर, मुलाना एसडीएम भारत भूषण कौशिक, नारायणगढ एसडीएम अदिति, नगराधीश सुशील कुमार, डीआईएपीआरओ धर्मवीर सिंह, डीएसपी सुल्तान सिंह, तहसीलदार चुनाव आंचल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
बिजली की सप्लाई व बैकअप की हो पूरी व्यवस्था
वीसी में मिले निर्देशों की अनुपालना में जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी एआरओ को निर्देश दिए कि सभी मतदान केंद्रों में बिजली की सप्लाई और बैकअप की पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। एंबुलेंस इत्यादि की व्यवस्था अनिवार्य है। मतदान के बाद संबंधित सेक्टर अधिकारी अपने सेक्टर की सभी बसों को अपनी देखरेख में स्ट्रांग रूम तक लाएंगे और सभी ईवीएम अपनी देखरेख में स्ट्रांग रूम में जमा करवाएंगे।
अपराधिक किस्म के असामाजिक तत्वों पर रखें नजर
निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी एआरओ आपराधिक और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे और उनकी सूची अपडेट करेंगे। पिछले चुनाव में जो हिस्ट्रीशिटर रहे हैं, उन पर भी पैनी नजर रखने की जरूरत है। पुलिस अधिकारी समय-समय पर असलाह दुकानों की चेकिंग करेंगे और संबंधित थानों में जमा करवाए गए हथियारों की भी चेकिंग करेंगे।