अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी/कैंट। दीपों के त्योहार दिवाली पर ट्विन सिटी के बाजार रोशनी से सराबोर हो गए। त्योहार के आगमन को लेकर हर वर्ग में उत्साह व उमंग है। मंगलवार को बाजार ग्राहकों से पूरी तरह से गुलजार रहे। सिटी में पटेल रोड, जगाधरी रोड, प्रेम नगर, शुकल कुंड रोड, कपड़ा मार्केट आदि बाजारों में जोरदार रौनक रही। वहीं कैंट में सदर बाजार, बजाजा बाजार, पुरानी सब्जी मंडी हनुमान मार्केट, सराफा बाजार, मेन सदर बाजार, निकलसन रोड, गांधी मार्केट, राय मार्केट आदि बाजारों में जगमग रोशनी रही। लाखों की संख्या में लोग बाजारों में खरीदारी कर रहे थे। दीवाली पर नए कपड़े, नया इलेक्ट्रॉनिक्स सामान व अन्य वस्तुएं खरीदने के लिए ग्राहकों में होड़ मची रही। द मेन सदर बाजार ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय गुलाटी ने कहा कि धनतेरस से बाजार में ग्राहकों की संख्या कुछ बड़ी है। दिवाली के बाद ही आंकलन होगा कि दिवाली कारोबारियों के लिए कैसी रही। वहीं पुरानी सब्जी मंडी हनुमान मार्केट बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद जौहर ने कहा कि इस बार बाजार में जगमग रोशनी से सजाया गया है। बाजार में धनतेरस के बाद से खासा उत्साह है। दिवाली के दिन भी अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
पुलिस ने सुरक्षा के लिए किए प्रबंध
दिवाली सभी के लिए सुरक्षित बनी रहे इसको लेकर प्रशासन व पुलिस द्वारा भी पूरे प्रबंध कर लिए गए हैं। शरारती तत्व हावी न हो इसको लेकर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। पुलिस ने बुधवार को विभिन्न स्थानों पर नाकेबंदी की और वाहनों की चेकिंग भी की। इसके अलावा होटल व धर्मशालाओं में भी चेकिंग की। इतना ही नहीं बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी चौकसी पहले से ज्यादा बढ़ाई गई है। बाजारों में सदर चौक, बजाजा बाजार, पुरानी सब्जी मंडी एंट्रेंस, विजय रतन चौक व अन्य स्थानों पर पुलिस ने बैरियर लगाए हैं। पुलिस ने रातभर चेकिंग जारी रहेगी ताकि शरारती तत्व बाजार में हावी न हों। एसपी अभिषेक जोरवाल ने कहा कि त्यौहार को लेकर पुलिस पूरी अलर्ट है। अलग-अलग टीमों को ड्यूटियां बांट दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
पूजन के लिए शुभ मुहूर्त
प्रदोषकाल - शाम 05.38 बजे से 08.14 बजे तक
वृष लगन - शाम 6.08 बजे से रात्रि 8.05 बजे तक
सिंह लगन - मध्य रात्रि 12.38 बजे से 2.54 बजे तक
वृषभ काल (स्थिर लग्न) - शाम 06.08 बजे से 08.05 बजे तक
चौघड़िया मुहूर्त : शुभ अमृत व चरका चौघड़िया शाम 7.15 से मध्य रात्रि 12.10 तक का समय श्रेष्ठ काल पूजा के लिए
सबसे उत्तम समय : 6.20 बजे से 7.33 बजे तक
--पंडित दीप लाल जयपुरी।
एक लाख यूनिट अतिरिक्त बिजली खपत का अंदेशा
दीपोत्सव के त्योहार में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए बिजली विभाग ने भी पर्याप्त इंतजाम कर लिए है। विद्युत निगम के एक्सईएन आरके खन्ना ने बताया कि प्रतिदिन ट्विन सिटी में 30 लाख यूनिट जबकि ग्रामीण क्षेत्र में पांच लाख यूनिट बिजली खपत होती है। दिवाली के दिन एक लाख अतिरिक्त बिजली खपत होगी और इसके लिए पूरी तैयारियां कर ली गई है। इमरजेंसी के लिए टीमों को तैनात किया गया है जोकि ड्यूटी पर रहेंगी।
फायर ब्रिगेड की अलर्ट
उधर, दीपावली पर किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड भी पूरी तरह से अलर्ट पर है। विभाग द्वारा अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। ट्विन सिटी में दस-दस गाड़ियां तैनात की गई हैं जोकि स्थिति पर नजर बनाए रखेंगी। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर सेना व एयरफोर्स की फायर ब्रिगेड से भी मदद हासिल की जा सकती है।