छावनी में दो रेलवे ओवरब्रिज और एक अंडरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करवाएं : डीसी
फोटो नंबर-------3
बराड़ ने प्रशासनिक और रेलवे अधिकारियों को दिया निर्देश, कहा- लंबित औपचारिकताएं जल्द पूरी करें
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। डीसी शरणदीप कौर बराड़ ने शुक्रवार को प्रशासनिक और रेलवे अधिकारियों को निर्देश दिया कि छावनी क्षेत्र में बनने वाले दो रेलवे ओवरब्रिज व एक अंडरब्रिज के निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करवाएं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण व रेलवे विभाग के अधिकारी लंबित औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करें, ताकि जनता को इन परियोजनाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।
डीसी ने कैंप कार्यालय में रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि मच्छौंडा व नन्हेड़ा रेलवे फाटकों पर रेलवे ओवरब्रिज बनाए जाने हैं जबकि शाहपुर रेलवे फाटक पर रेलवे अंडरब्रिज बनाने की परियोजना है। उन्होंने इसके लिए एसडीएम छावनी को भी निर्देश दिए कि वे इन परियोजनाओं में शामिल विभागों की समन्वय बैठक आयोजित करके आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करवाएं।
-------------
अंडरब्रिज में जलभराव पर भी चर्चा
बैठक में बंधु नगर रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव की समस्या के समाधान सहित अन्य परियोजनाओं पर भी चर्चा की गई। डीसी ने काली पलटन पुल के निर्माण के लंबित कार्य को भी जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सिंचाई विभाग द्वारा छावनी से पानी निकासी के लिए तैयार की जा रही ड्रेन परियोजना में भी रेलवे और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तकनीकी खामियां व जरूरी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम सुभाष चंद्र सिहाग, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सतेंद्र सिवाच, रेलवे के तकनीकी अधिकारी केके अग्रवाल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रवीण गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।