प्रतिदिन 200 से अधिक चालान, फिर भी बिना हेलमेट दौड़ा रहे वाहन
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। जिले में विभिन्न नाकों पर ट्रैफिक पुलिस प्रतिदिन 200 से अधिक चालान काटती है। इसके बाद भी सड़कों पर बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों की संख्या कम नहीं हो रही है। ट्रैफिक पुलिस ने जिलेभर में एक से लेकर पांच सितंबर तक कुल 1113 चालान काटे हैं और। इनमें अधिकतर ऐसे वाहनों के चालान काटे गए हैं जिन्होंने हेलमेट नहीं पहने थे। इतनेे चालान काटने के बाद भी पुलिस विभाग लोगों को जागरूक करने में विफल रहा है। वैसे तो विभाग की ओर से स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य स्थानों पर सेमिनार लगाकर लोगों व बच्चों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन केवल किताबी ज्ञान विद्यार्थियों को रास नहीं आ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी अपनी जान जोखिम में डाल कर बिना हेलमेट के ही वाहनों को चलाते दिखाई दे रहे हैं। हेलमेट के साथ-साथ अन्य सड़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
--------
इस दिन इतने काटे चालान
एक सितंबर को 247
दौ सितंबर को 203
तीन सितंबर को 213
चार सितंबर को 242
पांच सितंबर को 208
--------
अन्य नियमों का भी नहीं हो रहा पालन
सुड़क सुरक्षा को लेकर बनाए गए अन्य नियमों की भी लोग धज्जियां उड़ा रहे हैं। इसमें मुख्य रूप से लोग दोपहिया वाहन पर ट्रिपलिंग के साथ बिना हेलमेट के चल रहे हैं। यह दृश्य मुख्य रूप से स्कूल एवं कॉलेजों की छुट्टियों के समय होता है, जब अधिकतर विद्यार्थी दोपहिया वाहन पर तीन से चार दोस्तों को लेकर जाते हैं। उन पर रोक-टोक करने वाला कोई नहीं होता है। न तो परिजन विद्यार्थियों को कुछ कहते हैं और न ही अध्यापक किसी तरह का कोई एक्शन लेते हैं।
युवाओं के साथ बुजुर्ग भी नहीं करते नियमों की पालना
युवाओं के साथ साथ बुजुर्ग भी ट्रैफिक नियमों की पालना नहीं करते हैं। अधिकतर बुजुर्ग भी दोपहिया वाहन चलाते समय न तो हेलमेट का प्रयोग करते हैं और न ही वाहन से संबंधित कागज अपने साथ में लेकर चलते हैं। इसको जागरूक करने के लिए भी पुलिस विभाग की ओर से विशेष कार्रवाई करनी होगी।
कोट
लोगों को हेलमेट पहनने व यातायात नियमों के बारे में पुलिस विभाग की तरफ से लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके बाद भी लोग बिना हेलमेट चल रहे हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
- मुनीष कुमार, ट्रैफिक इंचार्ज।