अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम टीम, दुकानदार ने पहले ही हटाया
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
नगर निगम की टीम वीरवार को लाव लश्कर के साथ कैंट के चौड़ा बाजार में अतिक्रमण हटाने पहुंची। इस दौरान डीएसपी अंबाला कैंट सहित पुलिस बल भी मौजूद रहा। वीरवार को कोई हंगामा नहीं हुआ, दुकानदारों ने भी खुद ही अतिक्रमण हटा लिया।
ज्ञात रहे कि बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कैंट के चौड़ा बाजार में जमकर हंगामा हुआ था। भाजपा नेता व मनोनीत पार्षद सतपाल ढल ने इस कार्रवाई का विरोध किया था और दुकानें बंद कराई थीं। इसको देखते हुए नगर निगम की टीम ने 24 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया था। उधर, वीरवार को नगर निगम की टीम पूरे बंदोबस्त के साथ बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची। इससे पहले ही दुकानदारों ने अतिक्रमण हटा लिया था, जबकि अन्य बाजारों में टीम ने कार्रवाई की। टीम ने कैंट के बजाजा बाजार में खड़े वाहनों के मालिकों व दुकानदारों से कहा कि वे अतिक्रमण हटा लें अन्यथा निगम कार्रवाई करेगा। इस दौरान डीएसपी सुरेश कौशिक, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गगनदीप सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।