जेल से रिहा होने वाले व्यक्ति की हत्या की फिराक में थे, पांच काबू
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला।
सीआईए वन ने अवैध हथियारों सहित पांच लोगों को काबू किया है। यह सभी आरोपी जेल से रिहा होने वाले एक व्यक्ति की हत्या की प्लानिंग कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से दो आरोपियों का दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ है, जबकि अन्य को जेल भेजा गया है।
सीआईए-1 को सूचना मिली थी कि बलदेव नगर क्षेत्र में कुछ युवक कार में घूम रहे हैं और उनके पास हथियार हैं। यह किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बलदेव नगर के हर्बल पार्क के पास नाकाबंदी की और वाहनों की चेकिंग शुरू की। इस दौरान एक कार रोककर तलाशी ली तो कार सवार व्यक्तियों से एक देसी पिस्टल, एक कारतूस व चार कमानीदार चाकू बरामद हुए।
कार सवारों की पहचान राहुल निवासी रामबाग रोड अंबाला छावनी, अमन उर्फ गप्पू, हरजीत सिंह निवासी राम किशन कॉलोनी अंबाला छावनी, राहुल निवासी 12 क्रॉस रोड अंबाला छावनी और तेजविंद्र सिंह निवासी हाल किरायेदार इंद्रपुरी, महेशनगर अंबाला छावनी के रूप में हुई। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह आरोपी जेल से रिहा होने वाले एक व्यक्ति की हत्या करने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से अमन और राहुल का दो दिन का पुलिस रिमांड मंजूर हुआ, जबकि तीन आरोपियों को जेल भेजा गया है।