अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट।
आईसीएआई फाइनल परीक्षा में अंबाला कैंट के ध्रुव गोयल ने देश भर में 18वां रैंक हासिल किया है। परीक्षा परिणाम के बाद ध्रुव काफी उत्साहित है। उन्होंने बताया कि परीक्षा की तैयारियों में उनके अभिभावकों व टीचर्स ने काफी सहयोग दिया है। उनके पिता रोहित गोयल, मां भारती गोयल, उनके नाना डीसी गर्ग ने बताया कि ध्रुव शुरू से ही काफी होनहार रहा है।
ध्रुव ने बताया कि उसका सपना एक सफल चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना है। इस परीक्षा की तैयारियां में पूरी प्लानिंग के साथ समय दिया। उसे जो भी दिक्कतें आईं, उनको उनके पिता और नाना ने बखूबी दूर किया। यही कारण रहा कि इंटरमीडिएट परीक्षा व फाइनल परीक्षा पहले ही अटेंप्ट में क्लीयर कर ली। ध्रुव ने बताया कि उसने पहले ही सीए की फील्ड में जाने का टारगेट फिक्स किया। इसी को ध्यान में रखते हुए स्कूली शिक्षा के दौरान ही पूरी प्लानिंग कर ली थी। यही कारण रहा है कि सीए की इंटरमीडिएट परीक्षा को पहले ही प्रयास में पास कर लिया। सबसे ज्यादा फोकस फाइनल परीक्षा पर था।
ध्रुव ने बताया कि इसके लिए उनके नाना प्रो. डीसी गर्ग जीएमन कॉलेज में कॉमर्स विभाग के एचओडी रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फाइनल परीक्षा की तैयारियां तो चल रही थीं, जबकि उनके पिता खुद सीए हैं तो अभ्यास भी साथ ही होता रहा। पिता के साथ ही काम करते हुए परीक्षा की तैयारियां भी चलती रही। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा गया है कि परीक्षार्थी टारगेट फिक्स कर चलते तो हैं, लेकिन इसके लिए पूरी प्लानिंग नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि नियमित पढ़ाई और ग्रुप स्टडी किसी भी परीक्षा को आसान बना सकती है।