बाजीगर बस्ती की युवती ने पड़ोसी पर लगाए छेड़छाड़ और मारपीट के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। अंबाला की बाजीगर बस्ती में छेड़छाड़ का एक मामला सामने आया है। युवती के परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल करवाया है। युवती ने अपने पड़ोसियों पर छेड़छाड़ व मारपीट के आरोप लगाते हुए थाना पड़ाव में शिकायत भी दे दी है। सूचना मिलते ही डीएसपी ममता खरब महिला थाना पुलिस की टीम के साथ नागरिक अस्पताल पहुंची। डीएसपी ने थाना पड़ाव प्रभारी और महिला पुलिस को छानबीन के बाद मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
एफसीआई गोदाम के साथ लगती बाजीगर बस्ती की एक युवती ने अपने पड़ोसियों पर मारपीट और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए कहा कि सुबह तड़के जब वे घर के बाहर सुबह ब्रुश कर रही थी तो पड़ोस के कुछ लोगों ने उससे छेड़छाड़ करने के साथ मारपीट कर दी। यह बात उसने अपने परिजनों को बताई जिसके बाद उन्होंने शिकायत दी। पीड़ित युवती की बहन का आरोप यह भी है कि उसकी बहन को पड़ोस के कुछ युवक जबरन उठा कर ले गए जहां उसकी बहन से मारपीट की गई ओर उसके दांत तोड़ दिए। चार पांच घंटे बाद उसकी बहन को घर के बाहर फेंक गए जिसे घायल हालात में उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया है। डीएसपी खरब ने पुलिस को जांच के बाद दोषियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए हैं।