मंडे मार्केट : फड़ी संचालकों ने नहीं कटवाई पर्ची
फोटो नंबर : 27 व 28
कांग्रेस व इनेलो नेताओं ने मौके पर पहुंच जताया रोष
सिटी में फड़ी वालों की 220 रुपये में काटी जाती पर्ची, यहां वसूले जा रहे थे 1100 रुपये
विरोध के चलते नगर निगम स्टाफ मौके से निकला, अब कमिश्नर के साथ होगी बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। गांधी ग्राउंड में लगने वाली मंडे मार्केट को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार को अखिल अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव चित्रा सरवारा, कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता एवं महिला जिलाध्यक्ष वेणु अग्रवाल एवं इनेलो नेता ओंकार सिंह फड़ी संचालकों के समर्थन में उतर आए। इस दौरान सुबह उन्होंने फड़ी संचालकों के साथ मिलकर इसका पुरजोर विरोध जताया। निगम स्टाफ सुबह प्रत्येक फड़ी संचालक की 1100 रुपये पर्ची काटने लगा तो हंगामा खड़ा हो गया। संचालकों व नेताओं ने कहा कि दिनभर में इतनी कमाई नहीं होती जितना एक दिन का किराया भरना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अंबाला सिटी में फड़ी लगाने के लिए 220 रुपये वसूले जा रहे हैं तो यहां 1100 रुपये वसूलने का क्या मतलब है। विरोध होता देख निगम टीम उलटे पांव लौट गई। अब फड़ी संचालक आगामी दिनों में निगम कमिश्नर से मामले को लेकर मुलाकात करेंगे। सुबह फड़ी संचालक अमित, अनिल, दिनेश, अवतार, लक्ष्मी, रानो, दिनेश आदि ने निगम द्वारा 1100 रुपये पर्ची काटने का विरोध जताया। इसी बीच कांग्रेस एवं इनेलो नेताओं के पहुंचे पर उनका विरोध और बढ़ गया।
नेताओं ने दिया आश्वासन
चित्रा सरवारा ने कहा कि उनके साथ नाइंसाफी और गरीब मार नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि मंत्री के तुगलकी फरमान की वजह से निगम द्वारा दुकानदारों से 1100 रुपये वसूले जा रहे हैं जोकि सरासर गलत है। चित्रा ने कहा कि निगम द्वारा मनमर्जी से फड़ी वालों को स्थान आवंटित करने का कोई अधिकार नहीं है, व्यवस्था पारदर्शी होनी चाहिए व फड़ी वालों को स्थान लाटरी सिस्टम से सबके सामने आवंटित होना चाहिए। उन्होंने फड़ी संचालकों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस हर समय उनके साथ खड़ी है।
गरीबों को रोजगार देने के बजाय छीनने में लगी भाजपा : वेणु
वेणु अग्रवाल ने कहा कि गरीबों को रोजगार देने के बजाय भाजपा उनसे रोजगार छीनने में लगी है जोकि सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करेगी। 1100 रुपये महज एक दिन का किराया किसी भी सूरत में सही नहीं है। इतनी तो सेल नहीं होती जितना किराया उन्हें भरना होगा। वेणु अग्रवाल ने फड़ी संचालकों की समस्या को सुना और कहा कि इस मामले में वह जल्द निगम अधिकारियों से मिलकर इसका हल निकालेंगे। उन्होंने कहा निगम द्वारा कोई सुविधा यहां नहीं दी गई है फिर 1100 रुपये किस बात के वसूले जा रहे हैं।
गरीबों से लाखों कमाना चाह रहा निगम : ओंकार
ओंकार सिंह ने कहा कि पूरे गांधी ग्राउंड का किराया नगर निगम द्वारा 10 हजार रुपये तय किया गया है। निगम के पास 850 फड़ी संचालकों के फार्म आ चुके हैं। यदि एक फड़ी संचालक से 100 रुपये भी वसूल किए जाएं तो एक सप्ताह में ही निगम 85 हजार रुपये कमा सकता है। मगर, निगम 850 फड़ी संचालकों से 1100 रुपये प्रति फड़ी वसूलना चाह रहा है, यानि 9.35 लाख रुपये जोकि सरासर गलत है।
कोट्स
मामले को लेकर अभी कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही इस पर कोई निर्णय लिया जाएगा।
-सत्येंद्र सिवाच, कमिश्नर, नगर निगम, अंबाला।