नवंबर में साइकिलिंग के शौकीनों के लिए खुलेगा कॉरिडोर
फोटो नंबर : 21 व 22
कैंटोनमेंट बोर्ड 3.5 करोड़ रुपये की लागत से सैन्य क्षेत्र में तैयार कर रहा कॉरिडोर, एंट्री पर स्वागत गेट का निर्माण पूरा
स्टाफ रोड तक ट्रैक का निर्माण कार्य लगभग पूरा
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला कैंट। सैन्य क्षेत्र में नॉन मोटोराइज्ड ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर (साइकिलिंग ट्रैक) का निर्माण अंतिम चरणों में है। बोर्ड अधिकारियों की मानें तो नवंबर में यह कॉरिडोर साइकिलिंग के शौकीनों के लिए खोल दिया जाएगा। डूरंड रोड से कैंटोनमेंट बोर्ड चौक तक यह कॉरिडोर प्रथम चरण में बनाया जा रहा है जिस पर 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। करीब छह किलोमीटर लंबा ट्रैक निर्मित होगा। फिटनेस के शौकीन अब जल्द ही इस ट्रैक पर वॉकिंग और साइकिलिंग कर सकेंगे। नॉन मोटोराइज्ड ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर पर दाखिल होने के लिए शानदार एंट्री गेट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। एंट्री गेट पर लगी लाइटों को रात्रि ट्रायल तौर पर ऑन भी किया गया जोकि आकर्षण का केंद्र बना रहा। गेट आर्मी स्कूल के ठीक समक्ष डूरंड रोड पर लगाया गया है।
कॉरिडोर आर्मी स्कूल चौक पर डूरंड रोड से आरंभ होगा जोकि मजूमदार लाइन चौक से रेसकोर्स रोड, माल रोड, स्टाफ रोड से होता हुआ कैंटोनमेंट बोर्ड कार्यालय चौक तक बनेगा। खासबात है कि कॉरिडोर पर साइकिलिंग के लिए एक लेन अलग से बन रही है। जिस पर किसी अन्य वाहन चालक के चलने पर मनाही होगी। फिटनेस के शौकीन इस ट्रैक पर आसानी से साइकिलिंग कर सकेंगे। अभी स्टाफ रोड तक ट्रैक का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और अभी अंतिम चरण बाकी है जोकि नवंबर के आरंभ तक पूरा होने की उम्मीद है। बोर्ड की योजना के अनुसार ट्रैक को नवंबर के प्रथम या द्वितीय सप्ताह में चालू कर दिया जाएगा।
दूसरे चरण में अन्य स्थानों पर बनेगा ट्रैक
दूसरे चरण में यह साइकिलिंग ट्रेक बोर्ड कार्यालय चौक से इंजन चौक तक बनेगा। इसके बाद तीसरे चरण में ट्रैक इंजन चौक से डूरंड रोड तक बनेगा। तीन चरणों में पूरा ट्रैक सैन्य क्षेत्र में घूमावदार आकार ले लेगा।
किराए पर साइकिल उपलब्ध कराने पर भी विचार
ट्रैक निर्माण पूरा होने के बाद बोर्ड द्वारा ट्रैक पर साइकिल चलाने के लिए किराए पर साइकिल उपलब्ध कराने की योजना पर भी विचार चल रहा है। योजना है कि मामूली शुल्क पर लोगों को साइकिल प्रदान की जाए ताकि वह सुबह-शाम शुल्क देकर ट्रैक पर साइकिलिंग का लुत्फ उठा सकें। ट्रैक के साथ लोगों के आराम करने के लिए बेंच भी लगाए जा रहे हैं जबकि अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
कोट्स
सैन्य क्षेत्र में फिटनेस के शौकीनों को बेहतर माहौल मिल सके, इसके लिए कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। नवंबर में ट्रैक आरंभ कर दिया जाएगा और इसका निर्माण कार्य लगभग पूरा होने को है।
-वरुण कालिया, सीईओ, कैंटोनमेंट बोर्ड, अंबाला।