नपा कर्मियों ने काला झंडा लेकर की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
अंबाला सिटी। नगरपालिका कर्मचारी संघ ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि 24 मई व 20 जून के फैसले को लागू किया जाए अन्यथा 3 अक्तूबर से राज्यव्यापी हड़ताल शुरू की जाएगी।
संघ के सदस्य निगम कार्यालय के पास शुक्रवार को प्रधान नरेश कुमार शास्त्री की अध्यक्षता में इकट्ठे हुए। कर्मचारियों ने हाथ में काले झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारे लगाए और विभिन्न बाजारों से होते हुए निकले। कर्मचारियों ने मांग की कि सफाई, सीवर, वाटर सप्लाई, बेलदार, माली, इलेक्ट्रीशियन, फायर विभाग, सहायक, सफाई निरीक्षक, लिपिक व अन्य कार्यों में ठेका प्रथा समाप्त कर ठेका प्रथा में लगे कर्मचारियों को विभाग के रोल पर रखा जाए। सभी प्रकार के कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। समान काम, समान वेतन लागू किया जाए। न्यू पेंशन स्कीम के समाप्त कर पुरानी पेंशन स्कीम लागू की जाए। एक्स ग्रेसिया अनुग्रहपूर्वक रोजगार योजना, 1995 को बहाल करने और फायर विभाग में आउटसोर्सिंग ठेका प्रथा में कार्यरत कर्मचारियों को नियम 2016 में ढील देकर फायर ऑपरेटर के पदों पर समायोजित किया जाए तथा नियमित पात्र कर्मचारियों की पदोन्नति की जाए। तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को बिना लाभ हानि के 100-100 वर्ग गज के प्लॉट देने या आवासीय कालोनियों का निर्माण करने तथा सफाई कर्मचारियों, सीवर मैनों को तेल, साबुन, मास्क, तोलिया व गड़ दिया जाए। 15 हजार नियमित सफाई कर्मचारियों की भर्ती की जाए। नियमित कर्मचारियों व ठेका प्रथा, आउटर्सोसिंग कर्मचारियों का 10 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा किया जाए।