गोवंश से भरा कंटेनर अनियंत्रित होकर पलटा, सात पशुओं की मौत, दो लोग हिरासत में, स्पार्किंग से ट्रक में लगी आग
अमर उजाला ब्यूरो
नारायणगढ़ (अंबाला)।
कालाअंब के पास शुक्रवार को गोवंश से भरा कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढों में पलट गया। घटना में कंटेनर में लदे सात पशुओं की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए जिन्हें गोशाला भिजवाया गया। वहीं क्रेन से सीधा करने के दौरान ट्रक में आग लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार पंजाब से एक कंटेनर सहारनपुर जा रहा था, जिसमें 14 पशु ठूंसकर भरे हुए थे। पुलिस ने सूचना के आधार पर कालाअंब के पास नाका लगाया। कंटेनर को आता देख पुलिस ने जब रुकने का इशारा किया तो चालक ने स्पीड बढ़ा दी। इसके बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढों में पलट गया। यह देख आसपास के लोग और पुलिस तुरंत मौके पर दौड़े और ट्रक में सवार दो लोगों को बाहर निकाला। इस दौरान सात पशुओं की मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य घायल हो गए। घायल पशुओं का उपचार कर गोशाला भिजवाया गया है। इस दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में भी लिया। पुलिस ने जब क्रेेन से ट्रक को सीधा किया तो कंटेनर की बैटरी में अचानक स्पार्किंग हो गई, जिससे ट्रक में आग लग गई। ट्रक में आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। पुलिस ने इस मामले में मोसिन निवासी भदेदी, जिला मुजफ्फरनगर और आसीन निवासी शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश को हिरासत में लिया है।