सबमर्सिबल ट्यूबवेल से निकल रही गैस बनी रहस्य
अमर उजाला ब्यूरो
बराड़ा (अंबाला)।
कस्बा के बाईपास स्थित एक स्कूल के पास खेतों में लगे सबमर्सिबल ट्यूबवेल से अचानक गैस निकलना लोगों के लिए रहस्य बना हुआ है। इस कारण गांव के लोग दहशत में भी हैं कि कहीं कोई अनहोनी न हो जाए। हालांकि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि गैस कौन सी है। ट्यूबवेल मालिक भूप सिंह ने बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने यह बोर कराया है। करीब एक पखवाड़े तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन अब अचानक ही इसमें से एक गंध के साथ गैस निकल रही है। इस पर जब हाथ रखा जाता है, तो इसका वेग काफी तेज महसूस होता है। यह गैस लगातार निकल रही है, जबकि चौबीस घंटे यही स्थिति है। पहले तो सोचा कि एक-दो दिनों के बाद यह सब ठीक हो जाएगा, लेकिन यह सिलसिला लगातार चल रहा है। अब स्थिति है कि गांव वाले भी दहशत में हैं कि कहीं कुछ अनहोनी न हो जाए, क्योंकि स्कूल भी पास में है। उधर, सिंचाई विभाग का कहना है कि फिलहाल ठोस रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता, जबकि मामला अभी तक जानकारी में नहीं था। इसे चेक करके ही कुछ कहा जा सकता है।