- आरोपी बनवारी लाल पर हरियाणा-राजस्थान में दर्ज हैं 26 मुकदमे, सेवानिवृत कर्मचारियों को बनाता था निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। राजस्थान में प्लॉट दिलाने और मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये की ठगी करने के अंतरराज्यीय ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी बनवारी लाल के रूप में हुई है। आरोपी को पुलिस ने जोधपुर से दबोचा।
अदालत ने आरोपी को दो दिन के रिमांड पर भेजा है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है। वह अक्सर सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाता था ताकि उनकी जमा-पूंजी को निवेश के नाम पर हड़प सके। आरोपी के खिलाफ राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के करीब 26 मामले दर्ज हैं।
छावनी के बोह क्षेत्र में शक्ति नगर निवासी श्याम लाल ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उन्हें राजस्थान में एक नई टाउनशिप में प्लॉट दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी ने दावा किया था कि एक नामी कंपनी वहां शहर बसाने जा रही है, इसमें निवेश करने पर कुछ ही समय में पैसा दोगुना हो जाएगा। झांसे में आकर श्याम लाल ने उसे 20 लाख रुपये दे दिए। पैसे लेने के बाद आरोपी ने न तो प्लॉट दिलाया और न ही रकम वापस की।
रिमांड के दौरान खुलेंगे कई राज
रिमांड के दौरान पुलिस यह पता लगाएगी कि इस गिरोह में और कौन-कौन से सदस्य शामिल हैं, ठगी गई 20 लाख की राशि कहां छिपाई गई है। इसके अलावा आरोपी ने अंबाला और आसपास के इलाकों में और कितने लोगों को चूना लगाया है।