माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 टीम ने वाहन चोरी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस ने शनिवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्रेम नगर निवासी अमित ने 7 अक्तूबर को थाना बलदेव नगर में शिकायत दर्ज कराई थीकि 5 अक्तूबर को डेंटल क्लीनिक के पास से अज्ञात चोर उनकी मोटरसाइकिल चुरा ले गए थे। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच सीआईए-1 को सौंप दी। सीआईए-1 प्रभारी निरीक्षक परमवीर सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक उर्फ अभि (निवासी मसिगन, जिला पटियाला, पंजाब) को दबोच लिया। रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी के साथी आकाशदीप सिंह (निवासी बहादुरपुर, देवीगढ़, पंजाब) का नाम सामने आया, जिसे 30 अक्तूबर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर अम्बाला शहर, अम्बाला छावनी और पटियाला क्षेत्र से चुराई गई कुल 10 बाइकें बरामद की गईं। अम्बाला पुलिस का कहना है कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।